दिल्ली में विरोध, एनएच-9 पर दो घंटे जाम से जूझे वाहन चालक
साहिबाबाद। दिल्ली में विरोध -प्रदर्शन के चलते सोमवार को यूपी गेट के पास एनएच-9 लेन (गाजियाबाद से दिल्ली) पर वाहनों का भीषण जाम लग गया। वहीं, गाजीपुर दिल्ली से कौशांबी आने पर भी वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था को बनाया। चालकों का आरोप था कि यूपी गेट पर पुलिस की बैरिकेड लगी होने से उन्हें एलिवेटड रोड व विजय नगर जाने के लिए आधा किलोमीटर दूर वैशाली सेक्टर-1 कट से यू टर्न लेना पड़ा।
सोमवार सुबह दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस से वाहन चालकों ने जमकर फर्राटा भरा। मगर इंदिरापुरम सीआइएसएफ रोड अंडरपास और नोएडा व खोड़ा की तरफ से एनएच-9 होकर दिल्ली जाने वाले लोगों को जाम झेलना पड़ा। सुबह करीब आठ बजे से ही गाजियाबाद-दिल्ली एनएच-9 लेन पर वाहन की कतार लगनी शुरू हो गए। हालांकि ट्रैफिक पुलिस ने चालकों को एनएच-9 डाउन से गाजीपुर सर्विस रोड से वाया एमसीडी टोल की तरफ दिल्ली की तरफ भेजा, मगर उस लेन पर भी वाहनों की कतार लगी हुई थी। इससे यूपी गेट पर चालकों को करीब दो घंटे तक जाम झेलना पड़ा। महिलाओं और बच्चों को परेशानी के कारण पसीने छूट गए। लोगों ने मदद के लिए गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस को ट्विटर समेत सोशल मीडिया पर मेसेज भी किया। मगर ट्रैफिक कर्मी मजबूरी में भी जाम नहीं खुलवा पा रहे थे। बताया कि दिल्ली में राजनैतिक दल के विरोध प्रदर्शन के कारण लोगों को जाम में फंसना पड़ा। एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाह ने बताया कि एनएच-9 पर वाहनों का जाम लगने की सूचना पर उन्हें कौशांबी-आनंद विहार से दिल्ली की तरफ निकाला गया। लोगों को हल्की परेशानी हुई। मगर यातायात कर्मियों की सूझबूझ से लोगों को ज्यादा देर जाम में फंसना नहीं पड़ा।