हवा की गति बढ़ी तो एक्यूआई 319 पर पहुंचा
साहिबाबाद। हवा की गति तेज होने से अब शहर के वायु गुणवत्ता में सुधार हो रहा है। रविवार को 25 प्वाइंट की कमी के बाद एक्यूआई लेवल 319 पर पहुंच गया। एनसीआर के शहरों में दिल्ली की हवा अभी भी खराब श्रेणी में है। जबकि फरीदाबाद का एक्यूआई सर्वाधिक 377 रहा। गाजियाबाद के चारों स्टेशन पर एक्यूआई लेवल में कमी आ रही है।
पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी उत्सव शर्मा का कहना है कि हवा की गति 10 से 11 किमी प्रति घंटा है। जिससे प्रदूषण में अब कमी आ रही है। आने वाले दिनों में शहर की हवा ग्रीन जोन में आने की संभावना है। आंकड़ों को देखें तो गाजियाबाद का एक्यूआई दो दिन पूर्व 377 रहा था। जबकि रविवार को यह 319 पर प्राप्त हुआ। इस स्तर के साथ पीएम 10 मानक से तीन गुना ज्यादा और पीएम 2.5 मानक से ढाई गुना ज्यादा रहा। वहीं, प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए जीडीए की तरफ से सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट में पानी का छिड़काव कराया गया। जीडीए अधिकारी एके चौधरी का कहना है कि पानी के छिड़काव के लिए टेंडर डाला गया था।