शहर में अक्तूबर से छह रूटों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, 54 स्टॉपेज होंगे
साहिबाबाद। गाजियाबाद में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को लेकर नगर निगम और परिवहन निगम की तरफ से तेजी से तैयारी शुरू कर दी गई है। रूट चयनित करने के बाद अब बस स्टॉप को चिन्हित करने का काम किया जा रहा है। छह रूटों पर 54 बस स्टॉप चिन्हित किए जाएंगे। इसकी रिपोर्ट नगर आयुक्त की अध्यक्षता में बनी कमेटी को भेजी जाएगी। कमेटी की स्वीकृति के बाद बस स्टॉप निर्धारित कर दिए जाएंगे।
नगर निगम और परिवहन निगम मिलकर शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन अक्तूबर से करेगा। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में बनी स्पेशल परपज व्हीकल कमेटी की निगरानी में बसों के संचालन को लेकर काम किया जा रहा है। कमेटी की तरफ से छह रूटों को पहले से ही निर्धारित कर दिया गया है। अब इन रूटों पर बस स्टॉप चिन्हित करने के लिए सर्वे का काम किया जा रहा है। अधिकारियों की मानें तो हर रूट पर दो से ढाई किलोमीटर की दूरी पर बस स्टॉप बनाए जाएंगे। विभिन्न रूटों पर वैशाली सेक्टर चार कट, साहिबाबाद सब्जी मंडी, मोहन नगर चौराहा, अर्थला पीर, मेरठ तिराहा, हापुड़ मोड़, नया बस अड्डा, कलेक्ट्रेट, शहीद नगर, राजबाग मेट्रो स्टेशन, राजेंद्र नगर, लाजपत नगर, घंटाघर, भोपुरा तिराहा, करन गेट चौराहा, एयरफोर्स स्टेशन कट के आसपास जगह चिन्हित की जा रही है। कमेटी की तरफ से एक टीम इन जगहों पर उपयुक्त जगह चिन्हित कर रही है। इसके बाद टीम इसकी रिपोर्ट शासन की तरफ से बनी स्पेशल परपज व्हीकल कमेटी को देगी। कमेटी जगह का फैसला करेगी, जिसके बाद बस स्टॉप तैयार किए जाएंगे। आरएम एके सिंह ने बताया कि कमेटी की तरफ से सर्वे किया जा रहा है। जगह चिन्हित करने के बाद रिपोर्ट नगर आयुक्त की अध्यक्षता वाली कमेटी को मिलेगी। इसके बाद बस स्टॉप किस प्वाइंट पर बनेगा, इसका निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 54 जगहों पर बस स्टॉप निर्धारित किए जाने हैं।
इन रूटों पर चिन्हित किए जा रहे बस स्टॉप
इलेक्ट्रिक बसों का रूट तैयार कर लिया गया है। आनंद विहार से मुरादनगर, आनंद विहार से एएलटी सेंटर, दिलशाद गार्डन से गोविंदपुरम, दिलशाद गार्डन से लालकुआं, गोविंदपुरम पुलिस लाइन से नोएडा सिटी सेंटर, लोनी टीला मोड़ से नया बस अड्डा रूट पर बसों का संचालन किया जाना है। विभिन्न रूटों पर जो बसें संचलित की जाएंगी, वह सीसीटीवी से लैस होंगी। जिसका कंट्रोल रूम आरएम कार्यालय पर तैयार किया जाएगा। यहां से बसों की मॉनिटरिंग का काम होगा।