भाजपा नेता के चाचा पर हमला, सात राउंड गोली चला कार तोड़ी
गाजियाबाद। विजयनगर में आठ युवकों ने रविवार रात दबंगई दिखाते हुए भाजपा नेता सुमित तोमर के चाचा बाली सिंह तोमर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सात राउंड गोलियां चलाईं और ईंट-पत्थरों से हमला कर सफारी कार क्षतिग्रस्त कर दी। घटना के बाद हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कार मालिक व बाली सिंह तोमर के भतीजे कालू तोमर ने मुख्य आरोपी हैप्पी यादव समेत चार लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया है।
राहुल विहार द्वितीय निवासी सुमित तोमर भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष हैं। पास में रहने वाले उनके चाचा बाली सिंह तोमर का पी-ब्लॉक सेक्टर-12 प्रताप विहार में प्रॉपर्टी डीलिंग का दफ्तर है। बाली सिंह तोमर के भतीजे कालू तोमर का कहना है कि रविवार रात करीब 9 बजे चाचा अपने दफ्तर पर थे। उनकी सफारी कार भी चाचा के दफ्तर पर खड़ी थी। इसी दौरान प्रताप विहार जी-ब्लॉक में रहने वाला हैप्पी यादव अपने साथियों के साथ दफ्तर पर आया। कालू तोमर का कहना है कि हैप्पी यादव ने उन्हें फोन किया और दफ्तर बुलाया। उन्होंने दस मिनट में आने की बात कही। लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही हैप्पी और उसके साथियों ने उनके चाचा के साथ मारपीट करते हुए एक के बाद एक सात राउंड फायरिंग की। साथ ही ईंट-पत्थर बरसाकर उनकी सफारी कार क्षतिग्रस्त कर दी। इस दौरान बचने के लिए लोग इधर-उधर दौड़ पड़े।
सब्जी विक्रेता की पिटाई कर मोबाइल तोड़ा
कालू तोमर का कहना है कि दफ्तर के पास ही एक सब्जी विक्रेता मोबाइल से घटना की वीडियो बनाने लगा। एक आरोपी ने उसे देख लिया, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट करते हुए उसका मोबाइल तोड़ दिया। हमलावर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो घटना उसमें कैद मिली।
उसे शक था कि सफारी से बदमाश उसका पीछा कर रहे हैं
कालू तोमर का कहना है कि घटना से पहल हैप्पी ने उन्हें फोन करके कहा था कि उसकी सफारी कार में बदमाश उसका पीछा कर रहे हैं। उन्होंने कार किसी और को देने से मना किया था, लेकिन इसके बावजूद हैप्पी शक कर रहा था। वहीं, बाद में उसने कहा कि उसकी सफारी कार ने कुछ दिन पहले नितेश नाम के युवक को टक्कर मारी थी। उसने आज वह कार पहचान ली, जिसके बाद घटना हुई। कालू तोमर का कहना है कि उन्होंने कार किसी को नहीं दी और कार से कोई टक्कर भी नहीं लगी। वह खुद हैप्पी से घटना की वजह जानना चाहते हैं।
कोट.....
मौके से दो खोखा कारतूस मिले हैं। कार में तोड़फोड़ की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। हैप्पी यादव, उसके साथियों नितेश, पंकज और राका को नामजद कर जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।- स्वतंत्र कुमार सिंह, सीओ प्रथम