अब अक्तूबर के पहले सप्ताह में होगा इलेक्ट्रिक बसों का संचालन
गाजियाबाद। इलेक्ट्रिक सिटी बसों में सफर करने के लिए शहर के लोगों को अक्तूबर के पहले सप्ताह तक का इंतजार करना पड़ेगा। अब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से समय मिलने पर शुभारंभ की नई तारीख तय की जाएगी। इससे पहले की तैयारियों को पूरा करने के लिए मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बनी एसपीवी (स्पेशल परपज व्हीकल) और कंपनी गठित हो गई है। बृहस्पतिवार को एसपीवी की पहली बैठक मेरठ में हुई। इसमें सीए और सीएस नियुक्त करने समेत सभी औपचारिकताओं को पूरा किया गया।
मंडलायुक्त ने इलेक्ट्रिक बसों के लिए बनाए जा रहे डिपो की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने बसों के संचालन से पहले की सभी प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। एसपीवी के सीईओ व परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिक सिटी बसों के संचालन के लिए पहले चरण में चार रूट चयनित कर लिए गए हैं। पूर्व में इन पर 25 बसों को चलाने की योजना थी, अब पहले चरण में 20 बसें चलाई जाएंगी। एसपीवी के डायरेक्टर व नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि बैठक में बसों के संचालन से पहले की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि अक्तूबर के पहले सप्ताह में बसों का संचालन शुरू करने की तैयारियां की जा रही है। जल्द ही लखनऊ से इसके लिए तारीख तय कर कार्यक्रम जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बस डिपो बनकर तैयार हो गया है।
----
चार्जिंग प्वाइंट बनाएगी ऑपरेशन करने वाली फर्म
अकबरपुर-बहरामपुर में बने इलेक्ट्रिक बस डिपो का निर्माण और विद्युतीकरण का काम पूरा हो गया है। इसमें बसों का मेंटेनेंस शेड, पार्किंग, स्टाफ रूम बनाया गया है। डिपो के अंदर बसों के चार्जिंग प्वाइंट संचालन करने वाली फर्म को बनाने हैं। जल्द ही इनका काम भी शुरू हो जाएगा।