तेल टपकने का झांसा देकर सात लाख के गहनों से भरा बैग उड़ाया
साहिबाबाद। अर्थला पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो बदमाशों ने शुक्रवार दोपहर सराफ आशुतोष गौड़ को तेल टपकने का झांसा दिया और उनकी गाड़ी से सात लाख के गहनों से भरे बैग उड़ा लिया। वह चालक के साथ दिल्ली जा रहे थे। चालक का कहना है कि बदमाशों ने अर्थला यू-टर्न के पास तेल टपकने का इशारा किया था। पेट्रोल पंप पर गाड़ी से उतरते ही बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है।
सराफ आशुतोष गौड़ ने बताया कि रोजाना की तरफ वह चालक अनुज दिवाकर के साथ हिंडन पुल से होकर दिल्ली जा रहे थे। पीछे से बाइक पर आ रहे दो बदमाशों ने ओवरटेक करने का प्रयास किया फिर हिंडन चौकी से आगे यूटर्न पर गाड़ी के बिल्कुल बराबर में आकर एक बदमाश ने अनुज को बोनट के नीचे से तेल टपकने का इशारा किया। सराफ ने गाड़ी नहीं रोकी और आगे बढ़ते रहे। आईटीएस कॉलेज से पहले पेट्रोल पंप को सुरक्षित स्थान मानकर उन्हें गाड़ी रोक दी लेकिन वहां एक बदमाश पहले से खड़ा था। अनुज गाड़ी से नीचे उतरे तो पीछे से सराफ भी बाहर आकर बोनट को चेक करने लगे। इस बीच बदमाश ने गाड़ी में पीछे की सीट पर रखे दो बैगों को उड़ा लिया और बाइक पर दूसरे बदमाश के साथ फरार हो गया। सराफ ने उन्हें दौड़ते देखा तो पीछा किया लेकिन पकड़ने में कामयाबी नहीं मिली। बैग में सात लाख के गहने, शोरूम और बैंक के कागजात व चाबियां और कीमती सामान था। उन्होंने तुरंत डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। एएसपी अभिजीत आर. शंकर और थाना प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी ने घटनास्थल पर पहुंचकर सराफ से जानकारी ली। सर्विलांस टीम को सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों का अहम सुराग मिला है।
जेल से छूटे गिरोह की कुंडली खंगालने में जुटी टीमें
बदमाशों का पता लगाने के लिए एएसपी अभिजीत आर. शंकर ने तीन टीमों का गठन किया है। इसमें सर्विलांस, एसपी सिटी सेकेंड की टीम और थाने की पुलिस काम कर रही है। फुटेज में बदमाश सफेद रंग की बाइक पर कैद हुए हैं। पुलिस अधिकारी का कहना है कि तेल टपकने का झांसा देकर टप्पेबाजी करने वाले गिरोह की कुंडली खंगाली जा रही है। जेल से हाल ही में कितने गिरोह के सदस्य छूटे हैं। उनकी डिटेल भी मांगी गई है। इसके अलावा आसपास जनपदों में थानों से गिरोह की जानकारी देने के लिए कहा गया है।