पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर वायुसेना के जवान से चेन लूटी
साहिबाबाद। मोहन नगर पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर नरेंद्र मोहन अस्पताल के पास बाइक सवार दो लुटेरों ने हिंडन वायुसेना स्टेशन में तैनात जवान से सोने की चेन लूट ली। वह अस्पताल में दवा लेने गए थे। पुलिस अधिकारी रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की बजाय उन्हें चक्कर कटवाती रहे।
राजनगर एक्सटेंशन स्थित हिमालय तनिष्क सोसायटी निवासी सतेंद्र सिंह ने बताया कि वह 30 मई को नरेंद्र मोहन अस्पताल गए थे। अस्पताल के बाहर निकले तो बाइक सवार लुटेरों ने उनकी चेन लूट ली। उन्होंने बदमाशों का पीछा किया लेकिन लुटेरे तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते हुए मोहननगर से करहेड़ा की तरफ फरार हो गए। उनका कहना है कि घटनास्थल से 100 मीटर दूर पुलिस चौकी है, इसके बावजूद आसपास पुलिस तैनात नहीं थी। उन्होंने बताया कि उनकी चेन की कीमत करीब 80 हजार रुपये थी।
चौकी पर लगाए कई चक्कर, 15 दिन में दर्ज हुई रिपोर्ट
चौकी पर शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके लिए उन्हें कई दिन तक चक्कर काटने पड़े थे। पुलिसकर्मी उन्हें लगातार लुटेरों को पकड़ने का आश्वासन देते रहे, लेकिन अभी तक कोई सुराग भी नहीं लगा। थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे शिकायत करने पर थाने में उनकी लूट की रिपोर्ट लिखी गई। एएसपी अभिजीत आर शंकर का कहना है कि लुटेरों की तलाश में टीम लगी है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।