सोसायटियों में मल्टीपल कनेक्शन देने पर आरडब्ल्यूए सहमत
इंदिरापुरम। अहिंसा खंड-2 की निहो स्कॉटिश सोसायटी में रविवार को फ्लैट ऑनर फेडरेशन गाजियाबाद के बैनर तले करीब 50 सोसायटियों की आरडब्ल्यूए से आए पदाधिकारियों ने बैठक की। नई सोसायटियों में बिजली का मल्टीपल कनेक्शन देने पर सहमति जताई। बैठक में बढ़ते अपराध, अतिक्रमण, अवैध निर्माण, टूटी सड़क, प्रदूषण, सुंदरीकरण, बदहाल पार्क, सोसायटी के पंजीकरण आदि पर चर्चा हुई। समस्याओं के समाधान के लिए एक कमेटी बनाकर संबंधित विभागों से संपर्क करने का निर्णय बैठक में लिया गया।
फेडरेशन में इंदिरापुरम जोन के अध्यक्ष अनुज त्यागी ने बताया कि इंदिरापुरम में आए दिन लोगों से छीना-झपटी, लूट और घरों के ताले तोड़कर चोरियां हो रही हैं, बावजूद इसके पुलिस सिर्फ शिकायत लेने के बाद आश्वासन देने का काम करती है। दिनदहाड़े लुटेरों ने महिलाओं को निशाना बनाकर चेन व मंगलसूत्र लूटे। बैठक में सबसे पहले लोगों ने नई सोसायटियों में बिजली के मल्टीपल कनेक्शन देने की मांग उठाई। उनका कहना था कि पुरानी सोसायटियों में कनेक्शन देने से पहले आरडब्ल्यूए के साथ बैठक कर योजना का लाभ उपभोक्ताओं को दिलाया जाए। सोसायटियों में पंजीकरण में नवीनीकरण का प्रावधान खत्म किया जाए, सोसायटियों पर प्रदूषण बोर्ड द्वारा चार लाख जुर्माना लगाने पर बात हो। जीडीए को अल्टीमेटम दिया कि 30 मई तक सभी गड्ढों को भर दिया जाए। अतिक्रमण व अवैध निर्माण हटाकर बदहाल पार्कों की स्थिति सुधारी जाए।
विभागों के सामने समस्याएं उठाएगी कमेटी
विभिन्न सोसायटियों के पदाधिकारियों ने कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी के नेतृत्व में एक कमेटी बनाकर जल्द विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मिलने का फैसला लिया। खालसा हेल्प इंटरनेशनल के अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने लोगों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान कैलाश मानसरोवर भवन के प्रबंधक उदय कौशिक, कवि आरपी शर्मा, नरेश चौखर, अजय तंवर, एके शाही, जयश्री सिन्हा, सुरेंद्र सिंह, विपिन त्यागी, साकेत जैन, सुशील कुमार, सुरेंद्र सिंह, परविंदर यादव, मुनीश जैन, उदयवीर सिंह, पीके जैन, नवीन कुमार, अंचल वालिया, आरके सिंघल, जीडी नागपाल, ओपी गुप्ता, आरए पाल, एनएस भंडारी, मुरलीधरन, मनीष त्रिपाठी, दीपक भंडारी, जितेंद्र सक्सेना, राम सिंह नेगी, नवीन कसाना, रोहित गोस्वामी, आकाश त्यागी, संदीप त्यागी मौजूद रहे।