नौ घंटे के अंदर चार फ्लैट से 65 लाख की चोरी
साहिबाबाद। रविवार को नौ घंटे के भीतर टीएचए के चार फ्लैटों से शातिरों ने नगदी समेत 65 लाख का माल साफ कर दिया। तीन वारदात शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 में और एक चोरी अभयखंड तीन में ठेकेदार के बंद फ्लैट में हुई। सभी पीड़ित अपने रिश्तेदारों के यहां रक्षाबंधन पर गए थे। चारों वारदात दोपहर 12 बजे से रात नौ बजे की बीच हुईं।
साहिबाबाद के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन एक के प्लॉट नंबर 571 में तीन मंजिला भवन में नौ फ्लैट बने हैं। इसमें प्रथम तल पर एक फ्लैट में प्रमोद जैन का प्रिटिंग प्रेस का आफिस है। उन्होंने बताया कि वह रविवार सुबह 11 बजे आफिस बंद कर सामने की सोसायटी में स्थित अपने घर चले गए थे। रात में साढ़े आठ बजे पड़ोसी ने उन्हें फोन कर आफिस का दरवाजा खुला होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे तो देखा कि मेन गेट की कुंडी काटकर और सेंट्रल लॉक तोड़कर चोर 45 हजार रुपये और कुछ सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने दूसरे तल पर रहने वाले कारोबारी नरेश कुमार के फ्लैट की कुंडी काटी। चोर आलमारी और लॉकर तोड़कर 40 हजार रुपये, 11 तोला सोना, 20 चांदी के सिक्के, दो महंगी घड़ी, बर्तन समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि वह परिवार समेत पर्व पर अपने पैतृक गांव बिजनौर गए हुए थे। पड़ोसी ने रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच में फोन कर उन्हें चोरी की जानकारी दी।
प्लॉट संख्या 561 के प्रथम तल पर विनीत शर्मा के पिता-माता और बहन रहते हैं। विनीत चंडीगढ़ की एक कंपनी में अकाउंटेंट हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को उनके माता पिता चंडीगढ़ पहुंच गए थे। उनकी बहन रविवार को दोपहर एक बजे फ्लैट पर ताला लगाकर चंडीगढ़ रवाना हो गई। रात करीब 12 बजे पड़ोसी ने उन्हें फोन कर चोरी होने की सूचना दी। वह सुबह गाजियाबाद पहुंचे तो देखा कि कमरों में रखी आलमारी के लॉकर टूटे हुए थे। 55 हजार रुपये, 26 तोला सोने के जेवर, पौने एक किलो चांदी, महंगे कपड़े, बर्तन आदि सामान गायब था। पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी।
इंदिरापुरम के अभयखंड तीन के सुरक्षा अपार्टमेंट में रहने वाले ठेकेदार धर्मेंद्र रावत ने बताया कि रविवार को वह दोपहर करीब 12 बजे वसुंधरा सेक्टर पांच मेेें रहने वाले अपने माता-पिता के पास पर्व मनाने गए थे। इसके बाद शाम को वहां से निकलकर अपने एक रिश्तेदार के यहां न्यायखंड एक चले गए। रात करीब ग्यारह बजे जब वह अपने फ्लैट पर पहुंचे तो देखा की मेनगेट की कुंडी उखड़ी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो कमरों का सारा सामान बिखरा हुआ था। आलमारी में रखे करीब 35 लाख के सोने-चांदी के गहने, सवा लाख रुपये, समेत अन्य सामान गायब था। उन्होंने आसपास पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दी है।
एसपी सिटी सेकेंड : पीड़ितों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर घटनाओं का अनावरण किया जाएगा।