उम्मेद पहलवान पर रासुका बरकरार
लोनी। बुजुर्ग की दाढ़ी काटने की वीडियो वायरल करने, फेसबुक लाइव कर धार्मिक भावनाएं भड़काने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोपी उम्मेद पहलवान पर रासुका लगाया गया है। आरोपी ने जिला स्तर पर लगाए गए रासुका को लेकर आपत्ति लगाई थी। अब हाईकोर्ट ने इस आपत्ति को खारिज करते हुए रासुका का आदेश दिया है। वहीं पुलिस मामले में मंगलवार तक चार्जशीट दाखिल करने की बात कह रही है।
बंथला रामविहार कॉलोनी में ताबीज का उल्टा असर होने पर बीते 7 जून को प्रवेश गुर्जर और उसके 10 साथियों ने बुलंदशहर में रहने वाले बुजुर्ग अब्दुल समद के साथ मारपीट की और दाढ़ी काटी थी। दाढ़ी काटने की वीडियो आरोपियों द्वारा बनाई गई थी। इस वीडियो को सपा नेता उम्मेद पहलवान ने सोशल मीडिया पर डाला था। आरोपी ने राजनैतिक लाभ लेने के लिए फेसबुक पर लाइव आकर मारपीट के मामले से धार्मिक भावनाएं भड़काने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया था। जिसको पुलिस ने तुरंत संज्ञान में लिया और मामले का खुलासा किया। इसके बाद मामले में मुख्य आरोपी समेत सभी 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मामले में तत्कालीन लोनी बॉर्डर पुलिस चौकी इंचार्ज नरेश ने उम्मेद पहलवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
लोनी बॉर्डर थाना एसएचओ अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि उम्मेद पहलवान के खिलाफ डीएम, एसएसपी गाजियाबाद ने 29 जून को रासुका लगाने की कार्रवाई की थी। मामले में उम्मेद पहलवान के अधिवक्ता ने 8 जुलाई को रासुका लगाने पर आपत्ति लगाई थी। आपत्ति को गाजियाबाद के डीएम और राज्य सरकार ने उसी दिन खारिज कर दिया था। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा था। यहां स्टेट एडवाइजरी कमेटी ने 3 अगस्त को मामले में सुनवाई की थी। सुनवाई के दौरान डीएम, एसएसपी, एसपी देहात समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। कोर्ट ने दोनों पक्षों के तर्क सुने। 13 अगस्त को मामले में आए जजमेंट में उम्मेद पहलवान की अपील को खारिज कर दिया गया। सोमवार को आदेश लोनी पहुंचने पर पुलिस ने रासुका की कार्रवाई की।
मंगलवार को चार्जशीट दाखिल होने की उम्मीद
एसएचओ ने बताया कि उम्मेद पहलवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस सबूत एकत्रित करने में जुटी हुई थी। रासुका की कार्रवाई होने के बाद पुलिस अब मंगलवार तक संभवत: मामले में चार्जशीट दाखिल करेगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में चार्जशीट के लिए राज्य सरकार अभियोजन संतुष्टि देती है। थाने की एक टीम तीन दिनों से संतुष्टि लेने के लिए शासन में गई हुई है। मंगलवार रात तक संतुष्टि मिलने की संभावना है।
निवाड़ी स्थित विज्ञान लैब में भेजे दो रिमाइंडर
उम्मेद पहलवान ने अपने फोन से वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर मोबाइल के डाटा को डिलीट कर दिया था। वहीं दाढ़ी काटने की वीडियो बनाने वाले प्रवेश गुर्जर ने भी अपने फोन के डाटा को डिलीट कर दिया था। पुलिस ने दोनों के फोन से डाटा रिकवर करने के लिए निवाड़ी स्थित विज्ञान लैब भेजा था। एसएचओ ने बताया कि लैब में दो बार रिमाइंडर भेजा गया है कि जल्द से जल्द मोबाइल का डाटा रिकवर कर भेजा जाए। अभी तक मोबाइल नहीं मिले हैं।