नेताओं के 100 सोशल मीडिया एकाउंट पर साइबर सेल की नजर
गाजियाबाद। संक्रमण के दौर में संस्थानों ने वर्क फ्रॉम होम किया तो स्कूलों में पढ़ाई ऑनलाइन हो गई है। यहीं नहीं, इस बार विधानसभा चुनाव का प्रचार प्रसार भी सोशल मीडिया पर चल रहा है। ऐसे में चुनाव में दुष्प्रचार और दूसरे दलों व नेताओं पर अभद्र टिप्पणी के मामले रोकने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया सेल का गठन किया है, जिसमें 10 सदस्य हैं। सेल जिले के 100 सोशल मीडिया एकाउंट चिन्हित कर नजर रख रही है। सभी उम्मीदवार और कार्यकर्ताओं के ट्विटर और फेसबुक अकाउंट को चिह्नित किया गया है। सोशल मीडिया से फिजा बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की तैयारी है।
एसपी देहात व विधानसभा चुनाव के नोडल अधिकारी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि रैली, जनसभा, नुक्कड़ सभा पर रोक लगने से प्रत्याशी और उनके समर्थक सोशल मीडिया पर अधिक सक्रिय हैं। आचार संहिता का उल्लंघन करने और किसी पार्टी विशेष या उम्मीदवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, जाति-धर्म विशेष से जुड़े प्रचार-प्रसार करने वालों की निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया सेल के साथ सर्विलांस टीम को भी 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
प्रत्याशी व समर्थक रखें ध्यान
- ऐसी कोई पोस्ट ना हो जिससे किसी धर्म, जाति, वर्ग और राजनीतिक दलों की भावनाएं आहत हों।
- किसी उम्मीदवार के व्यक्तिगत जीवन से जुड़े पहलुओं पर आलोचना वाली पोस्ट ना डालें।
- वोट के लिए जातीय या धार्मिक भावनाओं को उकसाने वाली पोस्ट ना हों।
- प्रलोभन, भ्रामक वादों या किसी के अनैतिक आचरण वाली पोस्ट न करें।
दो मामलों में हो चुकी है रिपोर्ट
एसपी देहात ने बताया कि पिछले दिनों लोनी क्षेत्र में दो पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का प्रचार करने का वीडियो वायरल हुआ था। इनके खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन के दो मामले दर्ज हुए हैं। इनकी जानकारी सोशल मीडिया से मिली थी।
9643298971 पर करें शिकायत
निष्पक्ष मतदान और सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों के लिए एंटी कोरोना मार्केटिंग हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। अगर कहीं कुछ गलत प्रचार-प्रसार हो रहा है तो लोग 9643298971 पर शिकायत कर सकते हैं। शिकायतकर्ता के नाम को गोपनीय रखा जाएगा।