एक करोड़ के मोबाइल चोरी में मेवाती गैंग का सदस्य गिरफ्तार
गाजियाबाद। नवयुग मार्केट में पुलिस चौकी के पास एक करोड़ के मोबाइल चुराने वाले मेवाती गैंग के सदस्य हासम को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जोकि थाना तावड़ू, जिला मेवात के गांव वावला का रहने वाला है। इसके कब्जे से तीन मोबाइल और 48 सौ रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक गैंग ने 29 सितंबर को ही मुरादनगर में रेलवे रोड स्थित मोबाइल शॉप से भी 24 मोबाइल, लैपटॉप और एसेसरीज से भरा बैग चुराकर ले गए थे।
नवयुग मार्केट में पुलिस चौकी के पास 29 सितंबर की सुबह दो दुकानों से एक करोड़ के मोबाइल चोरी कर लिए थे। जबकि दो अन्य दुकानों को भी बदमाशों ने निशाना बनाया था, लेकिन कामयाब नहीं हो सके थे। सीसीटीवी कैमरे में ब्रेजा कार मिली थी, जिसके आधार पर मेवाती गैंग ट्रेस हुए था। इस गिरोह ने दिल्ली, रुद्रपुर, पंजाब और मेरठ में भी वारदात की थीं। पुलिस की तीन टीमें इन सभी स्थानों पर बदमाशों का खाका जुटा रही थीं। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि मेवाती गैंग ने वारदात की थी। गैंग मैन रोड व बड़े बाजारों में मोबाइल की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करते हैं और माल को प्रिंट रेट के 35 फीसदी रेट पर राजस्थान के भरतपुर में बेचते हैं। मेवाती गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।