पंचायत में बोले ग्रामीण, नहीं डलने देंगे कचरा
गाजियाबाद/मुरादनगर। पाइपलाइन मार्ग पर गांवों के आसपास डाले जा रहे कचरे का विरोध शुरू हो गया है। रविवार को भिक्कनपुर गांव स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय परिसर में ग्रामीणों ने पंचायत की। पंचायत में निर्णय लिया गया कि नगर निगम को गांवों के पास कूड़ा डालने नहीं दिया जाएगा। इसका विरोध करेंगे, निगम अधिकारी नहीं माने तो आंदोलन करेंगे।
राजनगर एक्सटेंशन, गालंद और फिर महमूदाबाद में कूड़ा डालने के विरोध के बाद नगर निगम ने गुपचुप पाइप लाइन मार्ग के किनारे कचरा डालना शुरू कर दिया है। आबादी के पास कचरा डाले जाने पर भिक्कनपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों ने नगर निगम का विरोध किया है। उनका कहना है कि नगर निगम अपने सीमा क्षेत्र में कचरे का निस्तारण करें। रविवार को भिक्कनपुर गांव के पंचायत सचिवालय परिसर में हुई पंचायत
ग्रामीणों ने कहा कि गांव के बाहर डाले जा रहे कचरे की वजह से आसपास के क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा बन गया है। कचरे की बदबू से लोगों का आना-जाना भी दूभर हो रहा है। सांस लेने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि शहर का कचरा गांवों में नहीं डालने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि निगम अधिकारियों ने यहां कचरा डालना बंद नहीं कराया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। पंचायत की अध्यक्षता डा. राजेंद्र सिंह ने की इस दौरान अजय चौधरी, अरविंद चौधरी प्रधान, मीनू प्रधान, राधेश्याम शर्मा, राहुल, हरेंद्र, महावीर, बिजेंद्र, संदीप, पप्पू, रेशवीर, वंदना चौधरी, सुखपाल शर्मा, पवन आदि मौजूद रहे।
गालंद में बाउंड्रीवॉल का काम रुका
गाजियाबाद। गालंद में 5 एकड़ जमीन पर कचरा निस्तारण का प्लांट लगाने के लिए शुरू किया गया बाउंड्रीवॉल बनाने का काम भी फिलहाल बंद हो गया है। बारिश के दौरान यहां जलभराव हो जाने की वजह से निगम ने निर्माण कार्य रोक दिया था। अब ग्रामीणों ने बाउंड्रीवॉल का काम भी रुकवा दिया है। निगम प्रशासन ने अब हापुड़ जिला प्रशासन को पत्र भेजकर मदद मांगी है। हापुड़ पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा मिलने के बाद ही अब बाउंड्रीवॉल बनाने का काम दोबारा शुरू हो सकेगा।