नोएडा स्टेडियम के निर्माण में 12 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
गाजियाबाद। बसपा शासन काल में बने नोएडा क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण में वित्तीय अनियमितता बरतने की बात सामने आई है। सीबीआई ने जांच के बाद मामले में चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में नोएडा विकास प्राधिकरण के तत्कालीन नौ अधिकारी सहित 12 लोगों को आरोपी बनाया है। आरोपियों में प्राधिकरण का पूर्व मुख्य अभियंता यादव सिंह शामिल है। निर्माण करने वाली कंपनी आनंद बुलटेक को भी आरोपी बनाया है। अदालत जल्द चार्जशीट पर संज्ञान ले सकती है।
सीबीआई ने 14 पेज की चार्जशीट में पवेलियन के अलावा क्रिकेट स्टेडियम बनाने में वित्तीय अनियमितता करने की बात कही है। चार्जशीट में कहा है कि 60 करोड़ में बनने वाले क्रिकेट स्टेडियम की लागत 200 करोड़ तक पहुंच गई। लागत बढ़ाने में वित्तीय अनियमितता हुई। चार्जशीट दाखिल होने से यादव सिंह सहित अन्य अधिकारियों पर एक बार फिर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है।
इनके खिलाफ चार्जशीट पेश
वर्ष 2010-11 में टेंडर प्रक्रिया में शामिल प्राधिकरण में तैनात नौ तत्कालीन अधिकारियों पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। इस घोटाले में संविदा पर तैनात जूनियर इंजीनियर के भी नाम शामिल हैं। सीबीआई के अनुसार मुख्य अभियंता यादव सिंह, इंजीनियर दीपक कुमार, आरके जोहरी
(जेई टेक्निकल), जेई अनिल शर्मा, असिस्टेंट प्रोजेक्ट इंजीनियर आरके जैन, प्रोजेक्ट इंजीनियर एसके गुप्ता, चीफ प्रोजेक्ट इंजीनियर संतोष कुमार श्रीवास्तव और संतराम, फाइनेंस कंट्रोलर एसी सिंह, इंजीनियर एसयू खान, डी कुमार और कंपनी आनंद बुल्टेक को आरोपी बनाया है।