बिजली नहीं आई तो डेंगू की जांच नहीं हो पाई
गाजियाबाद। जिला एमएमजी अस्पताल के बिजली घर में खराबी होने से आठ घंटे तक आईडीएसपी लैब में बिजली गुल रही। इससे 39 सैंपलों की जांच नहीं हो सकी। जिला सर्विलांस अधिकारी (डीएसओ) डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि शाम को बिजली आपूर्ति होने के बाद सभी सैंपल जांच के लिए लगा दिए गए। उन्होंने बताया कि नौ नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। हाउस सर्वे में 254 मरीजों को बुखार और 113 मरीज सर्दी व जुकाम से ग्रसित पाए गए हैं।
जिला एमएमजी अस्पताल के आईडीएसपी लैब में डेंगू, स्वाइन फ्लू और स्क्रब टाइफस की जांच 24 घंटे की जा रही है, लेकिन समुचित व्यवस्था न होने से आए दिन जांच प्रभावित हो रही है। लैब का बिजली कनेक्शन एमएमजी अस्पताल में बने बिजलीघर से 24 घंटे ऑनलाइन सप्लाई के लिए है, लेकिन कई बार खराबी आने से लैब में लाइट की व्यवस्था नहीं हो पाती है। इस कारण से एलीसा जांच भी नहीं हो पाती है।
इमरजेंसी में एक बेड पर दो बच्चे, भर्ती होने वालों की संख्या हुई कम
जिला एमएमजी अस्पताल में वायरल बुखार से पीड़ित 8 से 10 बच्चों को भर्ती किया जा रहा है। मरीजों की संख्या बढ़ने के चलते इमरजेंसी में बेड की संख्या भी कम पड़ रही है। एक सप्ताह पहले तक रोजाना अस्पताल में भर्ती होने वाले बच्चों की संख्या 14 से 16 थी। इमरजेंसी में एक बेड पर दो बच्चे भर्ती थे। अधिकारियों का कहना है कि बेड की कमी नहीं थी, बच्चे एक ही परिवार के थे, इसलिए एक बेड पर आ गए थे। जानकारी होने पर उन्हें अलग-अलग बेड पर भेज दिया गया था। अस्पताल के फिजिशियन डॉ. आरपी सिंह का कहना है कि पिछले चार दिन से मरीजों की संख्या में कमी आई है। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी में भर्ती हो रहे हैं, लेकिन वार्ड में मरीजों की संख्या में कमी आई है।
व्हील चेयर नहीं मिली, गोद में ले गए बुजुर्ग को
सोमवार को एमएमजी अस्पताल में एक बुजुर्ग को ऑटो से उतारकर गोद में ले जाकर इलाज कराने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक बुजुर्ग महिला को लेकर एमएमजी अस्पताल पहुंचा था। ऑटो से इमरजेंसी के सामने उतरने के बाद व्हील चेयर नहीं मिलने पर वह वृद्धा को गोद में उठा कर ओपीडी तक ले गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन ने जानकारी होने से इनकार किया है।
35240 लोगों ने लगवाया टीका
सोमवार को 138 केंद्रों पर 35240 लोगों का टीकाकरण किया गया। 18 से 45 वर्ष के 18266 ने टीकाकरण कराया। 45 से 60 वर्ष उम्र वाले 5281 और 60 वर्ष से अधिक उम्र के 1427 लोगों को टीका लगाया गया। डॉ. बीआर आंबेडकर इंटर कालेज, शिब्बनपुरा में सिविल डिफेंस के उपनियंत्रक अशोक गौतम के निर्देशन में केेरोना से बचाव का टीकाकरण शिविर आयोजित किया। इसमें 318 लोगों ने टीकाकरण कराया। संचालन डिविजनल वार्डन राजेन्द्र शर्मा के साथ सहायक उप नियत्रक संजय गर्ग, स्टाफ ऑफिसर गोपाल बंसल, सुधीर कुमार, मनोज अग्रवाल, भारती गर्ग, पोस्ट वार्डन हर्षनाथ झा, सुशील कुमार, रांहुल कुमार, सेक्टर वार्डन विकास कुमार व दीपक अग्रवाल रहे।