किसानों को संबोधित करते राकेश टिकैत।
- फोटो : GHAZIABAD City
कीलों वाली जगह उगाएं फसल, मिट्टी लेकर आएं किसान : टिकैत
साहिबाबाद। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर छह फरवरी को चक्का जाम के आह्वान पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि दिल्ली को छोड़कर एनसीआर में 12 से दोपहर तीन बजे तक यानी तीन घंटे का चक्का जाम किया जाएगा। पूरे देश में चक्का जाम होगा। उन्होंने कहा कि जहां कीलें लगाई गईं हैं, वहां किसान फसल उगाएंगे। इसके लिए शुक्रवार से गांव-गांव से किसान मिट्टी लेकर यहां पहुंचेंगे। छह फरवरी को गाजीपुर बॉर्डर के आसपास कील वाली जगहों पर बुआई की जाएगी। इस दौरान जनता की परेशानी का ख्याल रखा जाएगा। वहीं विदेशी कलाकारों के समर्थन देने पर राकेश टिकैत ने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर उन्हें नहीं जानते।
राकेश टिकैत ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा ने पूरे देश में चक्का जाम का किया है। इसमें रणनीति बनी है कि दिल्ली को छोड़कर, उसके बाहर जगह-जगह किसान इकट्ठा होकर जाम लगाएंगे। जो भी गाड़ी में लोग वहां आकर रुकेंगे। उन सभी के लिए खाने-पीने, लंगर, मूंगफली, चने आदि की व्यवस्था करके बताया जाएगा कि कृषि कानूनों पर सरकार एक तरफ बात करने को कहती है। दूसरी तरफ अभी तक किसानों के पास न्योता नहीं आया। रूट तय होने पर उन्होंने कहा कि गांव के लोग और किसानों को चक्का जाम के बारे में पूूरा पता है कि उन्हें कहां पर बैठना है। इसके बाद कहा कि जींद की महापंचायत में लोगों का पूरा समर्थन मिला। वह लोग भी गाजीपुर बॉर्डर पर आएंगे। दिल्ली में चक्का जाम को लेकर कहा कि वहां पर राजा ने खुद ही किलेबंदी कर ली है। ऐसे में चक्का जाम दिल्ली के बाहर होगा। दिल्ली पुलिस द्वारा नुकीली कीलों की प्लेट उखाड़ने पर कहा कि वह कीले बो रहे थे और इधर किसान गेहूं बो रहा था। उन्होंने किसानों के जेल में बंद होने पर कहा कि इस मामले में संयुक्त किसान मोर्चा बात कर रही है। उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की कोई पंचायत नहीं हो रही और जब होगी तो उसकी परमिशन के बारे में भी बात होगी।