सक्रिय मरीजों की संख्या पहुंची 393
24 घंटे में मिले 74 संक्रमित
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 393 हो गई है। चार मरीजों का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है। 4626 लोगों की जांच के बाद 24 घंटे में 74 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इलाज के सात दिन बाद 49 लोगों को पोर्टल से डिस्चार्ज किया गया है। सभी का इलाज होम आईसोलेशन में चल रहा था। खोड़ा में कोरोना संक्रमित की मौत को अभी तक पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है।
शनिवार को जारी कोविड रिपोर्ट के अनुसार 12 साल का एक बच्चा, 13 से 17 साल के चार, 21 से 40 वर्ष के 42मरीज संक्रमित हुए हैं। 41 से 60 वर्ष के 17 और 60 साल से अधिक आयु के 10 बुजुर्गों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिले में शुक्रवार को 75 और शनिवार को 74 संक्रमित मिले हैं। एक सप्ताह से नए मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। जून महीने में अब तक 868 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि कुछ दिनों में संक्रमितों की संख्या बढ़ी है लेकिन, इसमें से अधिक मरीज होम आईसोलेशन में ही हैं।