सात दिन में 154 युवा और 22 बच्चे हुए कोरोना संक्रमित
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के मामलों में पिछले कुछ दिनों से तेजी देखने को मिल रही है। संक्रमण की चपेट में सभी आयु वर्ग के लोग आ रहे हैं। पिछले सात दिनों की बात करें तो अब तक कुल 154 युवा संक्रमित हो चुके हैं। साथ ही 12 साल तक के 22 बच्चे संक्रमित मिल चुके हैं। जबकि, इन सात दिनों में कुल 312 कोरोना संक्रमण के केस मिल चुके हैं।
एमएमजी अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि इस बार कोरोना के लक्षण किसी वायरल बुखार की तरह ही दिख रहे हैं। संक्रमित हुए मरीजों के गले में खराश, जुकाम और नाक बहने की परेशानी हो रही है। कुछ को पेट में दर्द, सिरदर्द और उल्टी भी हुई है, हालांकि अभी तक फेफड़े में संक्रमण का कोई केस नहीं आया है। सभी संक्रमित तीन से चार दिन में रिकवर हो रहे हैं। किसी भी बच्चे या बड़े में निमोनिया या फेफड़े में संक्रमण के लक्षण नहीं मिले हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विश्रुत सिंह का कहना है कि अगर घर पर किसी एक व्यक्ति को कोरोना हुआ है तो उससे बच्चे में भी संक्रमण फैल रहा है। हालांकि इससें चिंता की कोई बात नहीं है, बच्चों में कोरोना के लक्षण काफी हल्के हैं। उनको खांसी, जुकाम और सिरदर्द की शिकायत है सिर्फ पैरासिटामॉल देने से ही वे आसानी से स्वस्थ हो रहे हैं।
24 घंटे में 61 संक्रमित, 22 स्वस्थ
रविवार को जारी कोविड रिपोर्ट में 32 संक्रमितों की उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच है। 24 घंटे में 4732 लोगों की जांच में 61 संक्रमितों की पुष्टि हुई है, इसमें 12 साल तक के चार बच्चे भी हैं।। इलाज के सात दिन बाद 22 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। इस समय सक्रिय मरीजों की संख्या 291 हो गई है। पांच मरीजों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। एक सेे19 जून तक 69514 लोगों की जांच में 478 संक्रमित मिल चुके हैं।
बच्चों को करें जागरूक
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि बच्चों को मास्क और शारीरिक दूरी का पालन के नियमों के बारे में बताना चाहिए। बच्चे को किसी ऐसी व्यक्ति के पास न भेजें, जिसे खांसी, जुकाम या बुखार हो, अगर आपके बच्चे में कोविड के लक्षण जैसे बुखार, खांसी, सिरदर्द, उल्टी कि शिकायत हो रही है तो उसे आइसोलेशन में रखें और डॉक्टरों से सलाह लें।
सात दिन में उम्र के अनुसार संक्रमित
तारीख शून्य से 12 13 से 20 21 से 40 41 से 60 60 वर्ष से अधिक
19 जून 04 03 32 18 04
18 जून 05 02 24 14 18
17 जून 04 03 23 13 09
16 जून 02 03 21 12 11
15 जून 02 00 26 11 06
14 जून 02 00 13 05 04