जीडीए के अपर सचिव ने बिल्डर को दिया अल्टीमेटम
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी में टूटी बाउंड्रीवॉल का निर्माण और हरित क्षेत्र का विकास एक महीने में कराना होगा। एओए की शिकायत पर जीडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बिल्डर प्रमोद गुप्ता को 30 दिन की मोहलत दी है। निर्धारित समय पर निर्माण न कराए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
एओए अध्यक्ष राहुल गर्ग व सचिव वेंकटेशन ने बताया कि उनकी सोसायटी में टावर एल और एम में रहने वाले आवंटियों ने जीडीए में शिकायत की थी। उन्होंने कहा था कि निर्माणाधीन क्षेत्र और रिहाइशी क्षेत्र के बीच सुरक्षा के लिए बनाई गई अस्थायी टिन की बाउंड्री हटाकर ग्रीन एरिया विकसित किया जाए। इस पर जीडीए अपर सचिव ने बिल्डर को तलब किया। अजनारा इंटीग्रिटी एओए की ओर से भी अपना पक्ष रखा गया। त्रिपक्षीय बैठक में सामने आया कि बिल्डर ने बिना ओसी और सीसी के एल और एम टावर में 200 आवंटियों को कब्जा दिया है। इनमें से महज 25 आवंटियों की रजिस्ट्री हुई है। अपर सचिव ने इस पर नाराजगी जताई और बिल्डर के खिलाफ एफआईआर कराने की चेतावनी दी। एओए अध्यक्ष राहुल गर्ग ने बताया कि इन दोनों टावर में अग्नि सुरक्षा की एनओसी नहीं मिली है। बिजली का स्थायी कनेक्शन भी नहीं है।