400 करोड़ के लोन घोटाले में आरोपी लक्ष्य तंवर की पत्नी का फ्लैट होगा कुर्क
गाजियाबाद। 400 करोड़ के लोन घोटाले के मास्टर माइंड आरोपी लक्ष्य तंवर की पत्नी प्रियंका तंवर के नाम इंदिरापुरम थाने के वैभव खंड स्थित आम्रपाली सोसायटी में रजिस्टर्ड एक करोड़ का फ्लैट कुर्क होगा। एडीएम सिटी की कोर्ट ने कुर्की के आदेश पुलिस को दे दिए हैं। अभी तक दो संपत्तियों की कुर्की हो चुकी है।
लक्ष्य तंवर पर 2012 से बैंकों में सांठगांठ कर लोन के नाम पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप है। मामले में लक्ष्य तंवर समेत 12 लोगों के खिलाफ नगर कोतवाली में गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। मामले में लक्ष्य तंवर, सुनील कुमार, अशोक कुमार, विशेष बहल, दक्ष बग्गा, प्रियदर्शनी, प्रेमचंद, वरुण त्यागी, सूरज कालरा, राजरानी कालरा, रामनाथ मिश्रा, उत्कर्ष कुमार आरोपी बनाए गए हैं। इसमें दो बैंककर्मी समेत सात लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं आरोपियों के करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये के वाहनों को कुर्क करने की कार्रवाई भी चल रही है।
शालीमार गार्डन और वैशाली की संपत्ति होगी कुर्क
एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में एक फाइल प्रशासन को भेजी गई है जिसमें आरोपियों की शालीमार गार्डन स्थित तीन और वैशाली स्थित एक प्रोपट्री शामिल है। इनकी कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है। प्रशासन से आदेश मिलते ही इन संपत्तियों को भी जल्द कुर्क किया जाएगा।
अभी तक लक्ष्य तंवर का कविनगर स्थित दो करोड़ रुपये कीमत का मकान और उसके पिता अशोक कुमार की तुराबनगर स्थित एक करोड़ रुपये कीमत की बेनामी संपत्ति को कुर्क किया जा चुका है।
गिरोह पर 38 मामले हैं दर्ज
लक्ष्य तंवर समेत अन्य आरोपियों पर 38 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से 13 मामले नगर कोतवाली में दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक सभी मामलों में चार्जशीट लगाई जा चुकी है। गिरोह के फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और आरोपियों की बैंक में बंधक प्रॉपर्टी की भी सूची तैयार की जा रही है। जिसे बैंकों को भेजकर उन्हें भी कुर्क करवाया जाएगा।
वाहनों की तलाश जारी
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों के लग्जरी 18 वाहनों को चिन्हित किया गया है। इनकी कुर्की के भी आदेश हो चुके हैं। इन वाहनों की तलाश की जा रही है। साथ ही संबंधित परिवहन विभाग को इन वाहनों की सूची भेजी गई है। जिससे वाहनों को बेचा ना जा सके और ट्रांसफर ना हो सके।