मोबाइल में एप डाउनलोड करा दो लोगों से ठगे एक लाख
गाजियाबाद। मोबाइल में एप्लीकेशन डाउनलोड कराने के बाद साइबर ठगों ने दो लोगों के क्रेडिट कार्ड से एक लाख रुपये से अधिक रकम साफ कर दी। इसके अलावा मसूरी थाना क्षेत्र में एक युवती से खाते से 58 हजार रुपये से अधिक की ठगी कर ली।
आकाश नगर इंदरगढ़ी निवासी मनीष पाल ने बताया कि आरबीएल बैंक का क्रेडिट कार्ड है। चार तारीख को कार्ड की मोबाइल एप्लीकेशन के काम न करने पर गूगल से कस्टमर केयर का नंबर लिया। गूगल से 8101128387 नंबर मिला जिस पर कॉल करने पर कॉल कट गई। इसके कुछ देर बाद 8515981041 नंबर से कॉल आई तो कस्टमर केयर प्रतिनिधि ने एप्लीकेशन के काम न करने पर मोबाइल में एनी डेस्क एप्लीकेशन को डाउनलोड कराया। इसके बाद कार्ड का 16 डिजिट का नंबर लिया। थोड़ी देर पर क्रेडिट कार्ड से 20333 रुपये पेटीएम में एड होने का संदेश आया। उन्होंने साइबर सेल में एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं, गोविंदपुरम निवासी राजेश कुमार गुप्ता के क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों ने पांच बार में 80 हजार की रकम साफ कर दी। राजेश कुमार ने बताया कि उनकेपास आरसीबी का क्रेडिट कार्ड है। कार्ड को बंद करने के लिए गूगल से नंबर लेकर उन्होंने कस्टमर केयर पर बात की। कस्टमर केयर प्रतिनिधि ने मोबाइल में एनी डेस्क एप्लीकेशन डाउनलोड कराई और कार्ड से पांच बार में 80 हजार रुपये निकाल लिए। मसूरी थाना क्षेत्र में एक युवती के डेबिट कार्ड से भी साइबर अपराधियों ने दो बार में 58010 रुपये निकाल लिए। युवती को कॉल पर अपराधियों ने डेबिट कार्ड की जानकारी ले ली। सीओ आकाश देव पटेल ने बताया कि साइबर सेल की मदद से शातिरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।