महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक के लिए हुई आठों प्रहर की बुकिंग
गाजियाबाद। महाशिवरात्रि पर डमरूधर भगवान शिवशंकर की पूजा का और रुद्राभिषेक का महत्व है। महाशिवरात्रि के लिए सभी शिवालयों में एडवांस बुकिंग हैं। कहां सुबह से तो कहीं रात से ही रुद्राभिषेक के लिए लोगों ने बुकिंग कराई है।
दूधेश्वरनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक के लिए आठों प्रहर की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। महाशिवरात्रि के दिन सुबह सात बजे से लेकर दूसरे दिन सुबह छह बजे तक के लिए रुद्राभिषेक की बुकिंग हुई है। महंत नारायण गिरि ने बताया कि मंदिर में मुख्य शिवलिंग के अलावा अभी हाल में अलग से रुद्राभिषेक के लिए शिवलिंग की स्थापना कराई गई है। मंदिर के आचार्य लक्ष्मीकांत पाढी ने बताया कि भक्त सौभाग्य, विद्या, बुद्धि की कामना कर शिव का अभिषेक करें तो कामना की पूर्ति होती है। डासना शिवशक्ति मंदिर में भी सुबह तीन बजे से लेकर रात तक के लिए बुकिंग कराई गई है। स्वयंभू मंदिर, होली चाइल्ड स्थित शिव मंदिर सहित सभी शिवालयों में रुद्राभिषेक के लिए एडवांस बुकिंग है।
मनोकामना पूर्ति के लिए विशेष पूजन विधि
पंडित दुलीदत्त कौशिक ने बताया कि वैसे तो महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की स्तुति करें तो पुण्य मिलता है। लेकिन किसी खास मनोकामना सिद्धि के लिए भक्त रुद्राभिषेक करें तो विशेष फल मिलता है। -
- कालसर्प दोष और पितृ दोष के लिए जपें ‘ऊं मुक्तेश्वराय नम:’
- संतान प्राप्ति के लिए गंगाजल से रूद्राभिषेक
- धन प्राप्ति के लिए स्फटिक शिवलिंग पर दूध से रुद्राभिषेक करें।
- पूर्ण आयु के लिए गाय के घी से रुद्राभिषेक करें।
- धन और यश के लिए स्फटिक के श्रीयंत्र पर गन्ने के रस से रुद्राभिषेक करें।
- मकान की प्राप्ति के लिए शहद से रुद्राभिषेक करें।
- स्वास्थ्य प्राप्ति के लिए कच्चे दूध व गंगाजल से रुद्राभिषेक करें।