कॉल करके ही नहीं, आप व्हाट्स एप और एसएमएस करके भी यूपी-100 को सूचना दे सकते हैं। 20 मिनट के अंदर पुलिस रेस्पांस व्हीकल (पीआरवी) आपके द्वार होगी। डीआईजी (मेरठ रेंज) केएस इमेनुएल ने लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यूपी-100 के दो मोबाइल नंबर फेसबुक पर डाले हैं।
इनमें एक नंबर व्हाट्स एप और दूसरा सामान्य संदेश के लिए है। व्हाट्स एप नंबर पर पीड़ित ऑडियो, वीडियो और पिक्चर भी भेज सकते हैं। यूपी-100 का एक स्लोगन भी बनाया गया है, जो इस तरह है- शहर हो या देहात, दिन हो या रात, यूपी 100 है आपके साथ।
बता दें कि अमेरिकी पुलिस की तर्ज पर काम करने वाली यूपी-100 सेवा का 19 दिसंबर को शुभारंभ कर दिया गया था। गाजियाबाद पुलिस को 64 पीआरवी मिलेंगी, जिनमें से 17 मिल चुकी हैं।
सूचना देने वाली की लोकेशन ट्रेस करने यहां एक लाख लैंड मार्क भी चिन्हित किए गए हैं। इस संबंध में डीआईजी ने बताया कि ये नंबर चल रहे हैं, इन पर अभी भी सूचना दी जा सकती है, हालांकि यह सेवा पूरी तरह से तो अगले साल सात जनवरी से वर्किंग में आएगी।
ये हैं नंबर
व्हाट्स एप के लिए नंबर- 7570000100, एसएमएस के लिए नंबर- 7233000100।