अर्थला निवासी नौवीं कक्षा के छात्र का बुधवार शाम को कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। नंदग्राम के पास पुलिस की बेरिकेडिंग देख कर बदमाश छात्र को कार से फेंक कर फरार हो गए। बदमाश छात्र को कार में 45 मिनट तक घुमाते रहे। छात्र के अनुसार अपहरण करने वालों में एक महिला और तीन युवक थे।
अर्थला निवासी कंछिद सिंह कौशांबी के एक पब्लिकेशन हाउस में काम करते हैं। कंछिद का बेटा रोहित (15) करहेड़ा स्थित मिल्ट पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है। कंछिद ने बताया कि रोहित बुधवार शाम करीब पांच बजे अर्थला पीर के पास रहने वाले दोस्त के यहां नोटबुक लेने जा रहा था।
वह सड़क पार करने के लिए खड़ा था, तभी उसके सामने एक काले रंग की वैगनआर कार आकर रुकी। एक युवक ने कार का दरवाजा खोला और रोहित का मुंह बंद कर उसे अंदर खींच लिया। इसके बाद कार मोहन नगर की और दौड़ा दी।
कार में चालक के अलावा दो युवक और एक महिला थी। रोहित ने शोर मचाने की कोशिश की तो उसके साथ मारपीट हुई। साथ ही गर्दन पर चाकू रखकर उसे चुप रहने को कहा गया। चालक कार को गाजियाबाद की ओर ले गया।
छात्र के अनुसार कुछ दूरी पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। पुलिस देखकर पीछे बैठे युवक ने कार सड़क किनारे रुकवा दी। इसके बाद युवक ने रोहित को कार से नीचे धक्का दे दिया और फरार हो गए।
इसके बाद उसने चेकिंग कर रही पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने ही उसे घर पहुंचाया। एएसपी साहिबाबाद अनूप सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से मामले की शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि जांच की जा रही है।
45 मिनट तक कार में घुमाते रहे बदमाश
छात्र के मुताबिक बदमाश करीब 45 मिनट तक उसे अर्थला से मोहन नगर होते हुए हिंडन पुल, मेरठ तिराहा तक घुमाते रहे। इस दौरान बदमाश कार लेकर मोहन नगर, हिंडन पुल समेत कई चौकियों के सामने से गुजरे, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी।