पिता के आत्महत्या करने के बाद से सदमे में आई सीए की एक छात्रा ने बृहस्पतिवार को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना संजय नगर सेक्टर-23 एएलटी फ्लाईओवर के नीचे स्थित रेलवे ट्रैक पर हुई।
करीब एक सप्ताह पहले छात्रा के पिता ने भी इसी स्थान पर ट्रेन से कटकर जान दी थी। पिता के आत्महत्या करने के बाद से ही वह बेहद परेशान थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका मेघा वर्मा उर्फ गुड़िया (22) संजय नगर सेक्टर-23 में परिवार के साथ रहती थी। वह दिल्ली से सीए की पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता अशोक कुमार वर्मा ने पांच मई को ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया था।
पिता की मौत के बाद से मेघा बेहद परेशान थी। वह कई बार सुसाइड करने की बात कह चुकी थी मगर परिजन उसे समझा रहे थे। बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मेघा घर से अचानक बाहर चली गई।
परिजनों को लगा कि वह पड़ोसी के घर गई है लेकिन जब देर तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसे तलाशना शुरू कर दिया। पड़ोसी राहुल उसे तलाशता हुआ फ्लाईओवर के नीचे पहुंचा तो उसने देखा कि वहां भीड़ लगी हुई है।
उसने पास जाकर देखा तो वहां मेघा का शव पड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मेघा ने गाजियाबाद से मेरठ की ओर जाने वाली एक ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी है। इस दौरान उसका शव ट्रेन के साथ करीब 20 मीटर तक घसीटकर आगे पहुंच गया।
राहुल ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कही और शव को घर ले गए। सीओ सेकेंड मनीष मिश्र ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि युवती पिता की मौत के बाद से डिप्रेशन में थी, जिसके चलते उसने सुसाइड किया है। हालांकि जांच की जा रही है।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस, डेढ़ घंटे तक पड़ा रहा शव
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने मौके पर पहुंचते ही करीब 12 बजकर 40 मिनट पर 100 नंबर पर कॉल कर सूचना दे दी थी। सूचना मिलने के बाद कविनगर की पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने परिजनों से कहा कि मामला सिहानी गेट थाने का है।
इसके बाद परिजनों ने सिहानी गेट पुलिस को जानकारी दी। जानकारी मिलने के करीब डेढ़ घंटे बाद सिहानी गेट एसएचओ परशुराम मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव को परिवार के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के देरी से पहुंचने पर परिजनों में रोष की स्थिति बनी रही।