मापतौल व आपूर्ति विभाग की टीम जिले के सभी पेट्रोल पंपों की बारीकी से जांच करेगी। इस संबंध में प्रमुख सचिव ने सभी अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। प्रमुख सचिव ने स्पष्ट किया है कि हर जिले में टीमें बनाकर योजनाबद्ध तरीके से प्रत्येक पेट्रोल पंप की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट तैयार कर शासन के पास भेजी जाएगी।
लखनऊ में पेट्रोल पंपों पर घटतौली पकड़े जाने के बाद पूरा प्रशासनिक अमला हिल गया। पेट्रोल पंपों पर चिप लगाकर पेट्रोल चोरी का खुलासा होने के बाद मापतौल विभाग भी हरकत में आया है। विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक हरीश प्रजापति ने बताया कि शासन से स्पष्ट निर्देश मिला है कि प्रत्येक पेट्रोल पंप की जांच की जाए।
यदि कोई घटतौली कर रहा है तो मशीन या पेट्रोल पंप सीज करने की कार्रवाई की जाए। इसलिए टीम हर मशीन की बारीकी से जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट तैयार कर लगातार शासन को भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी पंप पर एक बार सब कुछ ठीक मिलता है तो ऐसा नहीं है, उसकी दोबारा जांच नहीं होगी। विभागीय टीम लगातार जांच करती रहेगी।