भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया पर हमला करने वाले बदमाशों की फारच्यूनर कार वारदात से करीब दो घंटे पहले मुरादनगर क्षेत्र में दाखिल हो गई थी। हमलावरों की फॉरच्यूनर कार करीब पांच से सवा पांच बजे के बीच मुरादनगर क्षेत्र के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी।
पुलिस अब कैमरे की डीवीआर को कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है। ‘घर के भेदी’ को तलाशने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के पास उस वक्त चल रहे मोबाइल की डिटेल भी ले ली है।
ब्रजपाल तेवतिया पर करीब सवा सात बजे हमला हुआ था। वारदात के बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू की तो हमलावरों की कार करीब सवा पांच बजे गाजियाबाद से मुरादनगर क्षेत्र में तेजी से जाती हुई दिखाई दी।
पुलिस के मुताबिक यह कार दो घंटे मुरादनगर क्षेत्र में ही सड़कों पर घूमती रही। माना जा रहा है कि इसी दौरान हमलावर तेवतिया की कार की लोकेशन लेते रहे। सटीक मुखबिरी पर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस इस वारदात में मुखबिरी करने वाले तक पहुंचने के लिए घटनास्थल के आसपास उस वक्त चल रहे सभी मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है। पुलिस के निशाने पर ऐसे लोग है, जिन्होंने उस वक्त बहुत छोटी कॉल की है।
मुखबिरी करने के लिए भी अक्सर 5 या सात सेकेंड की कॉल होती है। वहीं एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक हमलावरों ने हमले में एके-47 का इस्तेमाल तो किया, लेकिन उसमें कार्टेज एके-56 के मिले हैं। यानी बदमाशों को उस वक्त जो कार्टेज उपलब्ध हुए उन्होंने इस्तेमाल कर लिए। एसपी देहात राजेश राजेश पांडेय ने फारच्यूनर के सीसीटीवी में कैद होने और कॉल डिटेल लिए जाने की पुष्टि की है।
नोएडा शिफ्ट करने के लिए बनाया गया स्पेशल कॉरिडोर
भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया को गाजियाबाद से नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए पुलिस ने नोएडा तक स्पेशल कॉरिडोर बनाया था। करीब 20 किलोमीटर लंबे इस सफर में एंबुलेंस को फोर्टिस तक पहुंचने में महज 15 मिनट लगे।
स्पेशल कॉरिडोर बनाने के लिए नोएडा तक रोड के दोनों ओर ट्रैफिक रोक दिया गया था। उनकी एंबुलेस गुजरने के बाद पीछे ट्रैफिक चालू किया गया।