व्यक्ति की मौत के बाद मौके पर हंगामा करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
शास्त्रीनगर में सोमवार दोपहर करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इससे नाराज परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा किया। इस दौरान जाम लग गया। लोगों ने दो घंटे तक पुलिस को शव नहीं ले जाने दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को हटाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बांदा के अतर्रा निवासी कमल (40) शास्त्रीनगर सी-ब्लाक में परिवार के साथ रहते थे। वह साइकिल रिपेयर और पंचर लगाने की दुकान करते थे। आरोप है कि पानी की टंकी के पास रहने वाले एक डॉक्टर ने उनसे कोठी से सटे पेड़ को छांटने के लिए कहा।
पेड़ पर चढ़कर छंटाई करने के दौरान कमल वहां से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। इस दौरान परिजन और मोहल्ले के लोग जमा हो गए। उन्होंने मकान मालिक डॉक्टर और विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद सड़क पर शव रखकर वह हंगामा करने लगे, जिससे जाम लग गया। उन्होंने मुआवजे और कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर कविनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शव ले जाने की कोशिश करने लगी, लेकिन लोगों ने शव नहीं उठने दिया। बाद में पुलिस ने लाठियां फटकारी तो लोग भाग खड़े हुए। पुलिस ने परिजनों को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब लोग शांत हुए। कमल के परिवार में पत्नी और पांच बच्चे हैं।
डॉक्टर के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर
सीओ द्वितीय मनीष मिश्र ने बताया कि इस संबंध में मृतक के भाई राजकुमार की तहरीर पर डॉक्टर एपी सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि उनकी लापरवाही की वजह से मृत्यु हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।