किराए के पांच सौ रुपये देने से इंकार करने पर फर्रुखनगर में सोमवार सुबह दुकान मालिक ने किराएदार पर फायरिंग कर दी। स्थानीय लोग इकट्ठा होने शुरू हुए तो फायरिंग करने वाले बाइक-स्कूटी छोड़कर भाग गए। दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय के होने के कारण क्षेत्र में तनाव है, जिसके मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
फर्रुखनगर गांव में पटाखा कारोबारी निजाम परिवार के साथ रहता है। निजाम ने पटाखे बेचने के लिए इलाके में ही साढ़े पांच हजार रुपये में किराये पर दुकान ली थी। दुकान मालिक भी पास ही रहता है।
रविवार देर शाम दुकान बंद करने के दौरान दुकान मालिक किराया मांगने आया तो उन्होंने पांच हजार रुपये उसे दे दिए। सुबह बकाया रुपये मांगने आया तो निजाम ने कहा कि सिर्फ पांच सौ रुपये हैं, जल्द ही वह उसे चुका देगा।
इस पर दुकान मालिक गुस्सा करते हुए वहां से लौट गया। निजाम का आरोप है कि सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे चार बाइक और एक स्कूटी पर सवार करीब दस युवक उनके घर आए और बिना कोई बातचीत किए उस पर फायरिंग शुरू कर दी।
उन्होंने घर में छिपकर जान बचाई। गोली चलती देख आसपास भीड़ इकट्ठी होने लगी तो खुद को घिरता देख युवक बाइक-स्कूटी छोड़कर वहां से भाग खड़े हुए। गुस्साए लोगों ने बाइक और स्कूटी में तोड़फोड़ की।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक-स्कूटी कब्जे में ले ली और लोगाें को शांत कराया। क्षेत्र में तनाव बढ़ता देख साहिबाबाद, लोनी और इंदिरापुरम थाने की फोर्स को फर्रुखनगर में तैनात किया गया है।
साथ ही पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि निजाम की तहरीर पर दुकान मालिक सबलू और चार अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के सामने मारपीट करने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि फायरिंग की सूचना के करीब आधे घंटे बाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ उनकी दुकान का मालिक भी था। आरोप है कि दुकान मालिक ने पुलिस के सामने ही निजाम के साथ मारपीट की और तमंचा दिखाकर धमकाया।