चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी देकर बीए की छात्रा को अगवा कर हरिद्वार ले जाकर उसका रेप करने के मामले में सिहानी गेट थाना पुलिस ने रविवार को बीए फाइनल ईयर के एक छात्र को गिरफ्तार किया। आरोपी लड़की के मोहल्ले का ही रहने वाला है। युवती के परिजनों ने आरोपी छात्र के साथ उसके पांच परिजनों को भी नामजद कराया है।
पीड़ित छात्रा (21) बीए फाइनल ईयर की छात्रा है। उसका आरोप है कि बृहस्पतिवार शाम वह दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी, तभी इलाके के ही रहने वाले दीपक (22) ने उसे रोक लिया। उसके हाथ में तेजाब से भरी बोतल थी, उसने धमकी दी कि या तो वह उसके साथ स्कूटी पर चले नहीं तो वह चेहरे पर तेजाब फेंक देगा। वह डर गई और स्कूटी पर बैठ गई।
आरोपी उसे मेरठ ले गया, जहां उसने स्कूटी अपने एक मित्र को दे दी। वहां से वह उसे ट्रेन में बैठाकर हरिद्वार के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ रेप किया। इसके बाद आरोपी उसे हरिद्वार से फिर मेरठ लाया और दोस्त से स्कूटी लेकर उसे अपने गांव भी लेकर गया।
छात्रा का आरोप है कि आरोपी के कहने पर डर से उसने अपने परिजनों को फोन कर खुद उसके साथ जाने की बात कही। इसके बाद युवक अपने एक साथी के साथ शुक्रवार शाम उसे घर के पास छोड़ कर भाग गया। घर जाने पर उसने परिवार के लोगों को पूरा घटनाक्रम बताया।
परिजनों ने इस संबंध में शनिवार को सिहानी गेट थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसमें दीपक समेत उसके परिवार के पांच सदस्यों को नामजद किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने अश्लील फोटो भी खींचे
पीड़िता ने बताया कि उसने विरोध किया तो दीपक ने उसके पैर पर तेजाब की कई बूंदे डालते हुए कहा कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह पूरी बोतल उसके चेहरे पर डाल देगा। इसके बाद उसने रेप किया और मोबाइल से उसकी अश्लील तस्वीरें भी खींचीं।