खोड़ा। नोएडा में पकड़े गए नक्सलियों के साथियों की तलाश में एसटीएफ की टीम ने शनिवार रात खोड़ा में छापामारी की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छापामारी के दौरान एसटीएफ ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। हालांकि इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई।
लोगों ने पुलिस को सूचना दी, तब छापामारी का पता चला। हालांकि इंदिरापुरम पुलिस किसी को हिरासत में लिए जाने से अनभिज्ञता जता रही है। पुलिस ने बताया कि खोड़ा के वंदना एनक्लेव के निवासियों ने शनिवार रात करीब दो बजे पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग हंगामा कर रहे हैं, तब स्थानीय पुलिस ने जानकारी की तो पता चला कि एसटीएफ की टीम का छापा पड़ा है।
खोड़ा थाना प्रभारी अवनीश दीक्षित ने बताया कि कंट्रोल रूम से एसटीएफ की छापामारी की जानकारी हुई थी। बता दें कि नोएडा से एसटीएफ ने शनिवार को छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया था, जो बड़ी साजिश की फिराक में थे। सूत्रों का कहना है कि उनके कुछ साथी गाजियाबाद समेत एनसीआर में हो सकते हैं, इसी के मद्देनजर एसटीएफ छापामारी कर रही है।