गनप्वाइंट पर कलेक्शन एजेंट से ढाई लाख लूटे
इंद्रापुरी कालोनी में शनिवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने गनप्वाइंट पर लेकर एक कलेक्शन एजेंट से ढाई लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश दिल्ली की ओर फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
दिल्ली निवासी महेश कुमार नोवा दूध कंपनी में कलेक्शन एजेंट हैं। वह शनिवार को लोनी में दुकानदारों से कलेक्शन करने आए थे। शाम करीब साढ़े चार बजे लौटते समय इंद्रापुरी कालोनी स्थित एक मैरिज होम के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें पिस्टल दिखाकर रोक लिया। बदमाशों ने उन्हें गनप्वाइंट पर लेकर ढाई लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दिल्ली की ओर फरार हो गए। बदमाशों के जाने पर पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। लोनी बार्डर थाना एसएचओ अरुण कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
लूटपाट की घटना कुछ दूर एक मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान में लगी है। सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि हेल्मेट पहने बदमाश उनका पीछा कर रहे है। बदमाशों की बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी है।