अवैध संबंध के विरोध पर पत्नी जलाकर मारने की कोशिश
गाजियाबाद। अवैध संबंधों का विरोध करने पर पति ने पत्नी से मारपीट कर रसोई गैस खोलकर जलाकर मारने की कोशिश की। पीड़िता ने 100 नंबर पर कॉल किया, लेकिन कॉल नहीं लगी। शोर मचाने पर पति भाग गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सिहानीगेट थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक सोसायटी में रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी 2014 में हुई थी। पति एक निजी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह शादी के बाद भी किसी महिला से बात करता था। विरोध किया तो कुछ दिन बात करना बंद कर दिया। फिर से वह महिला के संपर्क में आ गया और कभी भी उसके पास चला जाता था। विरोध करने पर आरोपी मारपीट करता था। आरोप लगाया कि 15 दिन से पति गायब था। वह फोन भी नहीं उठा रहा था। बताया कि शनिवार सुबह वह चिकित्सक के यहां दवा लेने गई थी। पीछे उसका पति फ्लैट पर आ गया। आते ही उसने पीटना शुरू कर दिया और गैस पाइप लाइन के पास ले जाकर आग लगाने की कोशिश की। पति पाइप लाइन को खोलने लगा, तभी उसने 100 नंबर पर कॉल कर दी और शोर मचाया। इस पर पति भाग गया। सिहानीगेट थाना प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।