गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाले मुकेश पाल ने एमजीआई डेवलपर्स एंड प्रमोटर्स के निदेशक मनोज गोयल और उनकी कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि वर्ष 2015 में उन्होंने 87 लाख रुपये दिए थे लेकिन उन्हें कॉलोनाइजर ने दुकान, कार्यालय और स्टोर नहीं दिया।
एडीसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया कि मुकेश पाल व उनके भाई के अनुसार ग्रेटर नोएडा में रहने वाले कॉलोनाइजर मनोज गोयल को राजनगर एक्सटेंशन में एमजीआई मिशन प्रोजेक्ट के अंतर्गत 90 लाख रुपये में दुकान, कार्यालय और स्टोर फरवरी 2015 में बुक कराए थे। तीनों का सौदा 90 लाख रुपये में हुआ था। पीड़ित ने 87 लाख रुपये उनके खाते में ट्रांसफर कर दिए।
प्रोजेक्ट पूर्ण होने पर उन्होंने दुकान, कार्यालय और स्टोर का बैनामा कराने को कहा। आरोप है कि मनोज गोयल ने बैनामा कराने से इन्कार कर दिया और उनकी कीमत दोगुनी होने की बात कही। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित दोनों भाइयों ने पुलिस आयुक्त से इंसाफ की गुहार लगाई। पुलिस आयुक्त के आदेश पर आरोपी बिल्डर मनोज गोयल और उनकी कंपनी के खिलाफ नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एडीसीपी ने बताया कि मामले की जांच कर कॉलोनाइजर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।