गाजियाबाद। थाना कोतवाली क्षेत्र में ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट और घर में घुसकर धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय में गुहार लगाई, जिसके बाद कोर्ट ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए।पंचवटी स्थित कपड़ा मिल थाना कोतवाली, गाजियाबाद निवासी पंकज कुमार गोयल ने बताया कि उनका विवाह छह मई 2025 को जिरकपुर, मोहाली (पंजाब) निवासी नीतू कुमारी के साथ हुआ था। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही पत्नी और उनके मायके पक्ष के लोग पैतृक संपत्ति हड़पने का दबाव बनाने लगे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
पीड़ित के अनुसार, 27 अप्रैल को आरोपी पक्ष शादी में जाने के बहाने कीमती आभूषण और कपड़े अपने साथ ले गए। 24 मई को थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित उनके घर में ससुराल पक्ष के सभी आरोपी जबरन घुस आए और फ्लैट नीतू कुमारी के नाम करने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी। स्थानीय स्तर पर पुलिस कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय में गुहार लगाई, जिसके बाद कोर्ट ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
इस मामले में एसीपी कोतवाली उपासना पांडे ने बताया कि इस मामले में नामजातों से पूछताछ की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।