कलक्ट्रेट पहुंचे एक 80 वर्षीय बुजुर्ग ने डीएम सीपी सिंह से मुलाकात कर बताया कि वह कृषि अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। उनका इकलौता बेटा नोएडा की एक बड़ी कंपनी में महाप्रबंधक के पद पर तैनात है। आरोप है कि आरोपी बेटे ने उनकी संपत्ति अपने नाम कराते हुए घऱ से निकाल दिया। जिसके चलते फिलहाल वह अपनी बेटी के यहां रहते हैं।
पीड़ित बुजुर्ग ने डीएम से गुहार लगाई कि उन्हें वृद्धाश्रम भिजवा दिया जाए। डीएम ने बुजुर्ग से उनके बेटे का फोन नंबर लेकर फोन किया और उसके द्वारा किए गए कृत्य की निंदा करते हुए दायित्व और कर्तव्यों की याद दिलाई। डीएम सीपी सिंह के फोन पर समझाने के बाद उनका बेटा अपने पिता को साथ ले जाने के लिए तैयार हो गया।
इसके बाद डीएम ने बेटे से बुजुर्ग पिता को साथ रखने और अच्छे से ख्याल रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि भविष्य में वह भी इसी अवस्था में पहुंचेंगे और यदि फिर संतान ने घर से बाहर निकाला तो उनके हालात भी ऐसे हो सकते हैं। डीएम सीपी सिंह द्वारा किए गए इस कार्य की चारो ओर सराहना हो रही है।
अलीगढ़ वाले घर पर लगा दिया ताला
सेवानिवृत्त कृषि अधिकारी का अलीगढ़ में घर है, जिसे बेटे ने अपने नाम करा दिया था। पिछले दिनों उस घर पर ताला लगाकर चाबी अपने साथ ले गया था। पिता ने घर को खोलने और उसमें रहने के लिए बेटे से गुहार लगाई थी, लेकिन उसने सुनवाई नहीं की थी। रिश्तेदार और अन्य लोगों से भी सहयोग के लिए कहा गया, लेकिन बेटे ने सुनवाई नहीं की। डीएम के फोन करने के बाद बेटे ने जल्द अलीगढ़ वाले घर से ताला खोलने और पिता को अपने साथ रखने का आश्वासन दिया है।