शहर की गंदगी स्वच्छता अभियान को दिखा रही ठेंगा
बुलंदशहर। नगर पालिका परिषद नगर में जगह-जगह पड़ा कूड़ा कचरा उठाने में नाकाम साबित हो रही है। सफाई कर्मचारी भी सजग नहीं हैं। शहर में फैली गंदगी स्वच्छता अभियान को ठेंगा दिखा रही है। कई दिनों से शहर में कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से लगातार स्वच्छता पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है। नगर पालिका भी समय-समय पर साफ-सफाई के दावे करती रहती है। बावजूद इसके जगह-जगह पड़ा कूड़ा नहीं उठ रहा है। इस ओर सफाई कर्मचारियों का भी ध्यान नहीं है। पिछले दिनों अमर उजाला ने पालिका द्वारा किए गए कूड़ा उठान के दावों को उजागर करते हुए समाचार प्रकाशित किया था। उस समय पालिका अफसरों ने दम भरा था कि नगर की स्वच्छता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बावजूद इसके अभी तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर पालिका के दावों की पोल खोल रहे हैं।
रविवार को एक बार फिर अमर उजाला की ओर से पालिका के दावों की सच्चाई का पता लगाया गया। इस दौरान नगर में जगह-जगह कूड़े-कचरे के ढेर पड़े मिले। कूड़े के ढेर में आवारा पशु चारा ढूंढते देखे गए। आसपास के लोगों का कहना है कि कई-कई दिन तक कूड़ा पड़ा रहता है। पालिका के कर्मचारी आते तो हैं, लेकिन देखकर वापस लौट जाते हैं। कभी-कभार ही कूड़ा उठाया जाता है। इससे उठने वाली बदबू का सामना करना भी अब मजबूरी बन गया है।
---
इन स्थानों पर लगे हैं कूड़े के ढेर : नगर में शनिदेव मंदिर, डीएवी तिराहा और रोडवेज बस अड्डा रोड पर कूड़े-कचरे का ढेर लगा है। कूड़ा चारों तरफ बिखर हुआ है। शनिदेव मंदिर रोड पर कूड़ा-कचरा पिछले काफी समय से पड़ा हुआ है। इससे आसपास के लोगाें को परेशानी हो रही है। पालिका की ओर से पिछले कई दिनों से उठाने की जहमत नहीं उठाई जा रही है। इससे राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। रोडवेज बस अड्डे पर जहां कूड़ा बिखर रहा है वहां पर एक डस्टबिन भी है, जो भर चुका है। इससे आसपास के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह चांदपुर रोड पर एफसीआई गोदाम के पास समेत शहर के कई स्थानों पर कूड़ा-कचरा पड़ा है और आसपास गंदगी फैला रहा है।
कूड़ा-कचरा समय पर उठाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए जाते हैं। यदि कहीं कूड़ा पड़ा है तो उसे उठवाने के लिए एक बार फिर सख्त निर्देश जारी किए जाएंगे। -मनोज गर्ग, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद, बुलंदशहर