एक सप्ताह में दूसरी बार जिला स्वास्थ्य विभाग ने एक और भ्रूण लिंग जांच गिरोह को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। इस बार गाजियाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में भ्रूण लिंग जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। महिलाओं को गाजियाबाद के लोनी रोड स्थित एक अस्पताल में ले जाकर 40 हजार रुपये लेकर भ्रूण लिंग जांच के कार्य को अंजान दिया जाता था।
स्वास्थ्य विभाग ने छह लोगों के खिलाफ लोनी बॉर्डर थाने में शिकायत दी है। इससे पहले 24 अगस्त को जिला स्वास्थ्य विभाग ने झज्जर स्थित बहादुरगढ़ से भ्रूण लिंग जांच गिरोह को पकड़ा था। गुरुग्राम स्वास्थ्य विभाग को कुछ दिन पूर्व ही गुप्त सूत्रों से गाजियाबाद के लोनी रोड स्थित मैक्स स्क्वायर अस्पताल में गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड कर भ्रूण लिंग जांच किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए सीएमओ ने एक टीम गठित की, जो गिरोह को पकड़ने में जुट गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक महिला को नकली ग्राहक बनाया और उसके जरिए दलाल से संपर्क साधा। दलाल ने महिला को 40 रुपये लेकर भ्रूण का लिंग जांच करने की बात कही। दलाल से बातचीत के बाद बुधवार सुबह महिला ने उससे मुलाकात की। 40 हजार रुपये महिला ने दलाल को दे दिए लेकिन दलाल ने महिला को भ्रूण छोटा होने की बात कहते हुए कुछ दिन बाद अल्ट्रासाउंड करने की बात कही। इस दौरान गुरुग्राम स्वास्थ्य विभाग की टीम महिला के संपर्क में बनी हुई थी और उसकी लोकेशन ट्रेस करते हुए आरोपियों को धर दबोचा। स्वास्थ्य विभाग ने लोनी रोड थाने में छह आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।