दिल्ली के फतेहपुरबेरी थाने की पुलिस ने दो भाइयों को चाकू से गोदने के मामले में 24 घंटे में खुलासा का दावा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारो आरोपियों को मेरठ व मुजफ्फरनगर के बीच स्थित टोल प्लाजा से पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों में दो आरोपी दिल्ली के गैंगस्टर रोहित चौधरी गिरोह के सदस्य बताए जा रहे हैं।
होली वाले दिन मामूली रूप से कीचड़ लगने पर पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने दो भाइयों को चाकू से गोदा दिया। दोनो भाइयों पर चाकू से कई वार किए गए। फतेहपुरबेरी थाना पुलिस व दक्षिण जिले की वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) की संयुक्त टीम ने दो भाइयों पर हुए जानलेवा हमले की इस वारदात को 24 घंटे में सुलझाने का दावा करते हुए चार आरोपियों को मेरठ व मुजफ्फरनगर के बीच स्थित टोल प्लाजा से 19 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दो आरोपी गैंगस्टर रोहित चौधरी के करीबी हैं।
विज्ञापन
दक्षिण जिला डीसीपी बेनीटा मेरी जैकर के अनुसार दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला करने की सूचना फतेहपुरबेरी थाना पुलिस को 18 मार्च को मिली थी। एसआई अरविंद कुमार के मौके पर पहुंचे तो पता लगा कि दोनों भाइयों विकास और विक्की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला दर्ज कर फतेहपुरबेरी थानाध्यक्ष समीर कुमार झा, एएटीएस प्रभारी एसआई उमेश यादव व एसआई सतेंद्र गुलिया की टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पता लगा कि आरोपी वारदात के बाद हरिद्वार व फिर ऋषिकेश फरार हो गए हैं। आरोपियों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए हैं। ये साथ में गाड़ी को लेकर गए थे। गाड़ी के ड्राइवर का नंबर हरिद्वार, उत्तराखंड में चालू था। एसआई उमेश यादव व एसआई सतेंद्र गुलिया की टीम ने मेरठ व मुजफ्फरनगर के बीच स्थित टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर मनीष लोहिया उर्फ रिंकल, पवन उर्फ पन्नू, पवन उर्फ पाटिल (32) और मनीष के पिता रामबीर सिंह (60) को गिरफ्तार कर लिया। मनीष लोहिया की निशानदेही पर आया नगर से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया।
विज्ञापन
मनीष ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह पवन उर्फ पन्नू और पवन उर्फ पाटिल के साथ होली खेलने वालों को गाली दे रहा था। इस बीच विकास एच ब्लॉक आया नगर से आ रहा था। जब उसने किसी पर कीचड फेंका तो वह मनीष को लग गया। इस पर मनीष गाली देने लग गया। विकास ने इसका विरोध किया तो झगड़ा हो गया। झगड़ा होने पर मनीष ने अपने भाई विक्की को बुला लिया था। आरोपियों व पीड़ित की पहले से आपस में रंजिश चल रही थी। इस कारण आरोपियों ने दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया था। आरेपियों ने विकास के पेट में चाकू से चार, जबकि विक्की को हाथ, पैर व पेट में चाकू से तीन वार किए थे। पवन उर्फ पन्नू और पवन उर्फ पाटिल ने दोनों भाइयों को पकड़ लिया और मनीष उर्फ रिंकल ने अपनी जेब से चाकू निकाला और दोनों भाइयों पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया था।
दो आरोपी दक्षिण दिल्ली के गैंगस्टर रोहित चौधरी के हैं करीबी
मनीष उर्फ रिंकल व पवन उर्फ पन्नू दक्षिण दिल्ली के गैंगस्टर रोहित चौधरी के करीबी हैं। मनीष(29) व पवन उर्फ पन्नू(30) के खिलाफ दिल्ली में दो-दो व फरीदाबाद में एक-एक मामला दर्ज है। बताया जा रहा है कि ये हमेशा रोहित चौधरी के नाम पर लोगों को धमकाते रहते थे।