दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी में सोमवार सुबह पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में आग लग गई। एटीएम में लाखों रुपयों की जलने की आशंका है। आग से बैंक के दफ्तर का आगे का हिस्सा भी जल गया। गोविंदपुरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तारा अपार्टमेंट के पास मेन रोड पर प्रभु सिंह विधूड़ी का मकान है। इसके ग्राउंड फ्लोर पर ही पीएनबी का एटीएम व बैंक है। सोमवार सुबह करीब सवा सात बजे एटीएम में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को आग पर पूरी तरह काबू पाने में दो घंटे से ज्यादा का समय लग गया।
बैंक के अगले हिस्से में आग लगने के कारण कुछ महत्वपूर्ण कागजात भी जल गए। सोमवार शाम तक ये पता नहीं लगा सका है कि एटीएम में कितना कैश था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरूआती जांच में आग का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। आग से बेसमेंट में स्थित एक दुकान का सामान भी जल गया।