दिल्ली कैंट की सीएसडी कैंटीन में रविवार सुबह 9 बजे अचानक आग लग गई। सेना कर्मियों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां पहुंची। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। फिलहाल जांच की जा रही है।
आर्मी कैंटीन कैंट के सदर बाजार इलाके में स्थित है, जहां से सेना में कार्यरत और सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी खरीदारी कर सकते हैं। यहां अचानक आग लग गई और अफरातफरी का माहौल हो गया। आग कैंटीन परिसर में काफी फैल गई थी, जिसके बाद दमकल कर्मियों को दीवार तोड़कर आग बुझाना पड़ा है। हादसे में कोई भी जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, कैंटीन में रखा राशन व घरेलू सामान जल गया है। अधिकारियों का कहना है कि आग से काफी नुकसान हुआ है।
पारा चढ़ते ही बढ़ने लगी आग की घटनाएं
गर्मी का मौसम आते ही दिल्ली के कई इलाकों में आए दिन आग लगने की सूचना दमकल विभाग के पास पहुंच रही हैं। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने के साथ-साथ लोगों की जान बचाने में जुुटे हैं। 21 मई को कीर्ति नगर के स्लम इलाके में 300 झुग्गी-झोपड़ी में आग पर काबू करने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। 25 मई को केशवपुरम इलाके में जूते-चप्पल के कारखाने में आग लग गई थी, जिसमें लाखों का माल जल गया था। बीते 10 दिनों में आग लगने की छोटी-बड़ी 50 से अधिक घटनाएं दर्ज हो चुकी हैं।