साइबर टीम ने दोनों आरोपियों को कृष्णा कॉलोनी, बाटा चौक के पास से पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्कॉलरशिप दिलाने के नाम पर राजस्थान में ठगी करने वाले दो युवकों को फरीदाबाद पुलिस ने काबू किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल 6 मोबाइल बरामद हुए हैं। आरोपियों की पहचान राजस्थान के डीग पाटका निवासी सोनू और नरेंद्र के रूप में हुई है। साइबर टीम ने दोनों आरोपियों को कृष्णा कॉलोनी बाटा चौक के पास से काबू किया है। आरोपी सोनू 12वीं तक पढ़ा पास है और आरोपी नरेंद्र बीए फाइनल ईयर का छात्र है। आरोपी राजस्थान में ठगी की 6 वारदात कर चुके हैं।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
आरोपियों ने जयपुर निवासी महिला से श्रम विभाग का अधिकारी बनकर बात की थी। आरोपियों ने पीड़िता को बताया कि उनके बच्चों की 1.30 लाख रुपये की एजुकेशन स्कॉलरशिप आई है। जिसको भेजने के लिए कुछ डॉक्यूमेंट, प्रोसेसिंग व अन्य कुछ फॉर्मेलिटी की जानी है। इसके लिए 20000 रुपये जमा कराने होंगे। आरोपियों ने महिला के पास एक क्यूआर कोड भेजकर 11 बार में 22000 रुपये ऐंठ लिए। साइबर ठगी का अहसास होने पर महिला ने जयपुर के थाना संजय सर्कल में केस दर्ज करा दिया।
प्रतिबिंब पोर्टल से पकड़ में आए आरोपी
एसीपी साइबर अपराध अभिमन्यु गोयत ने बताया कि आरोपियों की जानकारी प्रतिबिंब पोर्टल पर उपलब्ध थी। पोर्टल के नोडल अधिकारी इंस्पेक्टर अमित की महिला से बात हुई। महिला के साथ हुई ठगी के बारे में पड़ताल के लिए थाना प्रभारी ने एएसआई जितेन्द्र के नेतृत्व में मुख्य सिपाही संजय कुमार, राकेश और सिपाही मोहित कुमार की टीम बनाई। टीम ने पोर्टल की मदद से आरोपियों को कृष्णा कॉलोनी से काबू कर मौके से 6 मोबाइल बरामद कर लिए। पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उन्हें राजस्थान पुलिस के हवाले कर दिया।