फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव व बदरपुर बॉर्डर ने हथियार सहित दो लोगों को काबू किया है। आरोपियों में से एक लूट की वारदात को अंजाम दे चुका है। आरोपी की पहचान अलीगढ़ उत्तर प्रदेश निवासी रोहित उर्फ भूरी के रूप में हुई है। वह फिलहाल शिव हरिजन कॉलोनी बल्लभगढ़ में रह रहा था। उसने 26 जुलाई को अपने साथियों के साथ मिलकर तिगांव रोड बल्लभगढ़ स्थित एक दुकान में हथियारों के बल पर लूट की थी। उसके खिलाफ थाना शहर बल्लभगढ़ में मामला भी दर्ज है।
पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपी रिंकू, हर्ष, शुभम, रणजीत को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य वारदात का खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि 11 जुलाई को उसने व उसके साथियों ने एक व्यक्ति के घर पर अवैध हथियारों से हमला किया था। इस मामले में भी आरोपी के खिलाफ एक अन्य मामला थाना शहर बल्लभगढ़ में दर्ज है। उससे चाकू बरामद कर उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
दूसरे मामले में बदरपुर बॉर्डर क्राइम ब्रांच ने पल्ला थाना इलाके से कट्टा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच में तैनात हेड कांस्टेबल जोगेंद्र अपने साथियों के साथ गश्त पर था। उन्हें सूचना मिली कि एक युवक कट्टा के साथ पल्ला की तरफ जाने वाला है। उन्होंने नाकाबंदी कर जांच शुरू की। थोड़ी देर बाद एक युवक पैदल आता दिखा। पूछताछ व तलाशी के दौरान युवक से कट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान दीपावली कॉलोनी पल्ला निवासी मुकेश कुमार झा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।