फरीदाबाद। बीपीटीपी थाना क्षेत्र में अलग-अलग दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए। पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं। वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खंदावली गांव निवासी प्रताप ने पुलिस को बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। सेक्टर-56 में उसके आफिस में शनिवार की शाम को दोस्त पारस, रोहित और अमित आ गए। रोहित ने कहा कि उसका बड़ा भाई ओल्ड फरीदाबाद भारत कॉलोनी में रहता है। इस पर रोहित, पारस व अमित एक मोटर साइकिल पर और प्रताप अपनी मोटर साइकिल पर भारत कॉलोनी गए। वहां से रात 12 बजे सभी पलवल के लिए निकले। जैसे ही बीपीटीपी पुल के पास पहुंचे एक कार चालक ने रोहित, पारस व अमित की मोटरसाइकिल पर साइड मार दी। इसमें पारस की मौके पर ही मौत हो गई। रोहित और अमित का ट्रामा सेंटर दिल्ली में इलाज चल रहा है।
दूसरे मामले में गांव सदपुरा निवासी उदयवीर ने बताया कि तीन नवंबर को भाई अरविंद (17) और साला हरीश (18) गांव नीमका से अपने खेतों पर पैदल जा रहे थे। मास्टर रोड पर एक गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों को इलाज के लिए सर्वोदय अस्पताल लाया गया। यहां से डॉक्टर ने दोनों को सफदरजंग रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान रविवार को अरविंद ने दम तोड़ दिया।