संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। दो एसी बसों को शुक्रवार को चंडीगढ़ रूट के लिए रवाना किया गया। यह दोनों बसें जी-20 सम्मेलन के कारण कुंडली गाजियाबाद पलवल के रास्ते से चंडीगढ़ गई हैं। इन बसों का किराया सामान्य बसों से 127 रुपये ज्यादा है।
डीआई भागीरथ शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को डिपो से 4 नई वातानुकूलित बसों को केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर और परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उसमें से दो बसें चंडीगढ़ रूट पर व दो बसें जयपुर रूट पर चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि जी-20 सम्मेलन के कारण पहले इन बसों का संचालन 11 सितंबर के बाद करने के आदेश थे, लेकिन शुक्रवार को सुबह 10:30 और दोपहर ढ़ाई बजे दो एसी बसों को वाया कुंडली गाजियाबाद पलवल के रास्ते चलाया गया। 11 सितंबर के बाद सभी बसों का संचालन सुचारू रूप से कर दिया जाएगा।
नहीं चलेगा कोई भी पास
ड्यूटी क्लर्क सुरेंद्र ने बताया कि एसी बसों में किसी प्रकार का कोई भी पास मान्य नहीं है। इस बस में सफर करने वाले हर यात्री को पूरा किराया लेना होगा। 60 साल ऊपर उम्र वाले लोगों को भी पूरा किराया देना होगा। सामान्य बसों में सरकार द्वारा विभिन्न प्रकार के लोगों को किराए में छूट व फ्री सेवा दी हुई है।