फरीदाबाद। थाना सेक्टर-17 पुलिस ने एक साल से हत्या के आरोप में फरार चल रहे संजय उर्फ टुंडा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चार अगस्त 2020 की रात अपने दो अन्य साथी राजस्थान निवासी विनोद व आगरा निवासी लक्ष्मी नारायण के साथ मिलकर ओल्ड फरीदाबाद फ्लाईओवर के नीचे नेपाल निवासी हरी की हत्या कर दी थी। आरोपियों का झगड़ा फुटपाथ पर सोने को लेकर हुआ था।
दोनों आरोपियों ने मृतक को ईंट, पत्थर और डंडे से मार-मार कर अधमरा कर दिया था। पीटने के बाद आरोपी उसे ओल्ड मेट्रो स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने हरी को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 10 अगस्त 2020 को उपचार के दौरान हरी ने दम तोड़ दिया। थाना सेक्टर-17 की पुलिस ने इस मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों विनोद और लक्ष्मी नारायण को 12 अगस्त 2020 को गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपी संजय उर्फ टुंडा तभी से फरार चल रहा था। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-17 पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी हरिद्वार में मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हरकी पौड़ी से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।