एनआईटी, बल्लभगढ़ और ओल्ड फरीदाबाद के बाजारों में रौनक, बढ़ी बिक्री
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्वतंत्रता दिवस नजदीक आते ही शहर के बाजारों में देशभक्ति का माहौल दिखाई देने लगा है। एनआईटी, बल्लभगढ़, ओल्ड फरीदाबाद और सेक्टर-16 सहित प्रमुख बाजारों में तिरंगा, बैज, बैनर, फ्लेक्स, स्टिकर और सजावट सामग्री की मांग बढ़ गई है। बढ़ी खरीदारी से छोटे दुकानदारों, कारीगरों और सजावट कारोबार से जुड़े लोगों को काम मिला है। कारोबारियों का कहना है कि इस बार पिछले साल की तुलना में बिक्री में करीब 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
स्कूलों, सरकारी कार्यालयों, निजी संस्थानों, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों की ओर से बड़ी संख्या में तिरंगे और सजावट सामग्री के ऑर्डर दिए जा रहे हैं। इसके चलते तिरंगा बनाने, सिलाई, पैकिंग, प्रिंटिंग और डेकोरेशन से जुड़े कामों में तेजी आई है।
बाजारों में दुकानदारों ने स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी सामग्री का स्टॉक बढ़ा दिया है। तिरंगा थीम वाली राखियां, बैज और अन्य सजावटी उत्पाद भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि 15 अगस्त तक बिक्री में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
इस बार तिरंगे की मांग अच्छी है, लगातार ऑर्डर मिल रहे हैं। - राकेश गुप्ता, तिरंगा विक्रेता
बैनर और फ्लेक्स के काम में तेजी आई है, अतिरिक्त स्टाफ लगाना पड़ रहा है। - सोनू, प्रिंटिंग प्रेस संचालक
तिरंगा थीम वाले उत्पाद लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं। - पूजा, राखी विक्रेता
15 अगस्त से छोटे कारोबारियों को अच्छा सहारा मिल रहा है। - अनिल, व्यापारी