- व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी एप के जरिये कराया गया था शेयर बाजार में निवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शेयर मार्केट में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 72.74 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने खाताधारक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को उत्तर प्रदेश के रामपुर और बरेली से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आरोपियों की पहचान रामपुर निवासी संजीव (36) और आसिफ (30) व बरेली निवासी जावेद (40) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि संजीव के नाम से एस.के. इंटरप्राइजेज फर्म का बैंक खाता था, जिसे उसने आसिफ और जावेद को ठगी के लिए दिया था। इसी खाते में ठगी के पांच लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। पूछताछ में पता चला कि संजीव ग्रेजुएट है और अपना सीएससी सेंटर चलाता है। वहीं आसिफ आठवीं और जावेद नौवीं पास है व दोनों कपड़े की दुकान पर काम करते हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार सेक्टर-81 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि 26 सितंबर 2025 को उसके व्हाट्सएप पर शेयर मार्केट में निवेश से जुड़ा एक संदेश आया। आरोपियों ने पीड़ित को एक एप का लिंक भेजकर खाता खुलवाया और अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर रकम ट्रांसफर करवाई। बाद में जब उसने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो उससे और पैसे जमा करने की मांग की गई।