फरीदाबाद के खेड़ीपुल थाना क्षेत्र में युवक मोनू ने अवैध संबंधों के कारण प्रेमिका के पति पर गोलियां चला दीं। घटना में महिला का पति बच गया। आरोपी ने दो बार फायरिंग की थी। एक बार गोली उसके कूल्हे को छूते हुए निकल गई। उसी रात दूसरी बार हमले में गोली उसके सिर में लगी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि हमला उसकी पत्नी ने करवाया है। हमलावर के साथ महिला के अवैध संबंध हैं। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मूलरूप से बुढ़ैना निवासी पीड़ित (50 ) ने शिकायत दी है कि वह फिलहाल कच्चा खेड़ी रोड पर रहता है। 25 मार्च की रात करीब 9 बजे वह तिगांव रोड पर अपनी दुकान से घर जा रहा था। आरएम हेल्थ केयर सेंटर के पास बाइक सवार दो युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके दाहिने कूल्हे को छूकर निकल गई।
घर पहुंचकर उसने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा व्यक्ति नशे में था। उन्होंने थाने में आकर शिकायत देने को कहा। रात करीब 11 बजे मोनू यादव उर्फ मुस्की अपने एक अन्य साथी के साथ घर में घुस आया और सिर में गोली मार दी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। छुट्टी होने के बाद वह घर आ गया। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। हमलावर की तलाश की जा रही है।
दोस्त की हत्या का बदला लेने के लिए महिला के करीब आया मोनू
खेड़ीपुल थाना क्षेत्र में बुढ़ैना निवासी व्यक्ति पर जानलेवा हमले करने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस हमलावर मोनू और उसके साथी की तलाश में जुटी है। दावा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हमले के पीछे केवल अवैध संबंध ही नहीं दोस्त की हत्या का बदला भी छिपा हुआ था।