27 सितंबर को सूरजकुंड थाने में दर्ज हुई थी एफआईआर
आरोपी रिजवान अंसारी के वकील की ओर से दायर की गई थी अग्रिम जमानत याचिका
अदालत ने याचिका खारिज की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ओलंपियन व छह बार की वर्ल्ड चैंपियन मुक्केबाज मैरी कॉम के घर चोरी के मामले में आरोपी को अदालत से राहत नहीं मिली। आरोपी रिजवान अंसारी के अधिवक्ता ने अग्रिम जमानत याचिका दायर कर दलील दी कि मामले में अब तक 6 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। आरोपियों में कई नाबालिग भी हैं। उनसे पूछताछ में ही रिजवान का नाम सामने आया। आरोपियों में रिजवान के अलावा आहान व निखिल भी बालिग हैं। ये जांच में शामिल होने को तैयारी है।
वहीं अभियोजन पक्ष ने याचिका का विरोध करते हुए दलील दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। मुक्केबाज मैरी कॉम के घर से लगभग हर कीमती सामान चोरी कर लिया गया। चोरी करने वाले आरोपी अक्सर उनके घर के पास ही खेलते थे। महंगे जूते तक भी आरोपियों ने चुरा लिए। आरोपियों में 3 बालिग हैं और कई नाबालिग शामिल हैं। चोरी का सामान बरामद करना बाकी है। दोनों पक्षों को सुनकर जिला अदालत ने आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
मामले में सूरजकुंड थाने में 27 सितंबर को एफआईआर दर्ज हुई। मुक्केबाज मैरी कॉम के सेक्टर-46 स्थित मकान नंबर 300 में ये चोरी हुई। मुक्केबाज बीते तीन साल से यहां इस मकान में रह रही हैं। वारदात के दौरान वो मेघालय में एक इवेंट में गई हुई थीं। मैरी कॉम के एक पड़ोसी ने अपने मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो पाया कि 23 सितंबर की देर रात कुछ लोग मैरी कॉम के मकान से कूदकर सामान के साथ गली में जा रहे थे। पड़ोसी ने सूचना मैरी कॉम को दी तो उन्होंने अपने केयरटेकर को मकान पर भेजा। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। सूरजकुंड थाना पुलिस व अपराध शाखा की टीमों ने मौके पर पहुंच जांच की। जांच में पता चला कि बगल के खाली प्लॉट से सीढ़ी लगाकर चोर अंदर घुसे और चोरी की। इसके बाद इसी रास्ते से सामान लेकर चोर बाहर आए। तब चोरी का पता चला और एफआईआर दर्ज कराई गई।